दुर्ग

भिलाई और दुर्ग शहर के बीच दिखेगा आकर्षक नजारा
18-Nov-2022 4:06 PM
भिलाई और दुर्ग शहर के बीच दिखेगा आकर्षक नजारा

सडक़ किनारे होगा सौंदर्यीकरण, विभिन्न प्रजाति के पौधे बिखरेंगे अपनी सुंदरता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 नवंबर।
भिलाई से दुर्ग शहर के बीच से गुजरने वालों को अब एक अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। सडक़ों के किनारे आकर्षक पौधों के साथ सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा और भी विभिन्न तरह के विकास कार्य किए जाएंगे।
इसकी प्लानिंग और कार्यों की प्रगति देखने आयुक्त रोहित व्यास स्पॉट पर पहुंचे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि विभिन्न प्रजातियों के पौधों का चयन इसके लिए कर ले, डिवाइडर में चार प्रकार के प्रजाति के पौधे रोपित कर इन्हीं पौधों को आगे बढ़ाते चलें, ताकि एक समरूप पैटर्न में सुंदरता की झलक लोगो को देखने को मिले। पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा नेहरू नगर चौक के समीप से मिनीमाता चौक तक सौंदर्यीकरण एवं विकास का कार्य किया जा रहा है। उप अभियंता गगन जैन ने आयुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि सडक़ों को चकाचक करने सडक़ डामरीकरण किया जा रहा है, सडक़ किनारे के रिक्त स्थलों में सौंदर्यीकरण करने की कार्य योजना है, दीवाल में आकर्षक म्यूरल पेंटिंग भी बनाया जाएगा।

दुर्ग के बीआईटी के समीप चौपाटी और गार्डन तैयार किए जाएंगे। सडक़ों में प्रकाश व्यवस्था भी की जा रही है, आकर्षक रोप लाइट लगाने का भी प्लान बनाया जा रहा है। धूल मुक्त सडक़ बनाने के लिए ड्रेन और सडक़ के बीच इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाएंगे। डिवाइडर में ग्रिल और पेंटिंग की जाएगी तथा पौधे रोपित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है।

निगम आयुक्त रोहित व्यास ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए तीव्रता से इन सभी कार्यों को संसाधन बढ़ाकर करें ताकि शीघ्र अति शीघ्र राहगीरों को इसका लाभ मिल सके। पीडब्ल्यूडी के द्वारा किए जा रहे कुछ कार्य प्रगति पर है और कुछ अभी प्रारंभ नहीं हो पाए हैं, इन सभी कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश निगम आयुक्त रोहित व्यास ने दिए।

इस दौरान जोन आयुक्त राजेंद्र नायक, कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा, सहायक अभियंता विनीता वर्मा एवं वसीम खान तथा उप अभियंता श्वेता वर्मा आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट