दुर्ग
मुख्यालय में प्रदर्शन कर व्यवस्था पर जताया विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 नवंबर। नगर निगम भिलाई के कर्मचारियों को अक्टूबर और नवंबर का वेतन न मिलने से आक्रोश देखा जा रहा है। गुरूवार को कर्मियों ने निगम के मुख्य कार्यालय में प्रदर्शन कर महापौर से चर्चा भी की है।
निगम आयुक्त रोहित व्यास ने कहा है कि वो टैक्स वसूली को बढ़ाएंगे और निगम के बड़े बकायादारों के खिलाफ कुर्की वारंट जारी करेंगे ताकि टैक्स वसूली में तेजी आए और निगम कर्मचारियों का वेतन दिया जा सके।
महापौर नीरज पाल ने बताया कि पिछली बार संचित निधि वेतन दिया गया, निगम की माली हालत पिछले तो तीन महीने से खराब है। हालत यह हो गई थी कि दीपावली में कर्मचारियों को वेतन देने के लिए बजट नहीं था। महापौर परिषद की बैठक बुला कर उन्होंने निगम के संचित निधि से 9 करोड़ 84 लाख 18 हजार का फंड निकाल कर्मचारियों को वेतन दिया था।
दूसरी तरफ निगम के कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान टैक्स वसूली के लिए निर्धारित की गई स्पेरो कंपनी को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कंपनी का काम है कि जो लोग टैक्स जमा नहीं कर रहे उनसे वसूल करके लाना लेकिन यहां उल्टा हो रहा है।
कंपनी के कर्मचारी निगम और जोन परिसर में कार्यालय खोलकर बैठ गए हैं। यहां जो भी टैक्स जमा करने आता है उसका टैक्स लेकर अपना कमीशन कमा रहा है। इस तरह बैठ कर टैक्स वसूली तो निगम के कर्मचारी भी कर सकते हैं।