दुर्ग
अफसरों से कहा-तय करके अभी बताओ कब तक चालू होगा ब्रिज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 नवंबर। दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने रायपुर दुर्ग नेशनल हाईवे पर बन रहे फ्लाई ओवर ब्रिज का कल आकस्मिक निरीक्षण किया। वो सुपेला ओवर ब्रिज, पावर हाउस, डबरापारा और कुम्हारी ओवर ब्रिज पहुंचे और निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने ब्रिज के निर्माण में हो रही देरी का कारण पूछा और नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई।
सांसद विजय बघेल ने कहा ओवरब्रिज निर्माण कार्य की गति धीमी होने की वजह से रायपुर से दुर्ग के बीच रोज आवाजाही करने वालों को काफी परेशानी हो रही है। दिन प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, ये सब रुकना चाहिए। अधिकारियों को बड़े ही तल्ख लहजे में कहा कि जब सभी ओवर ब्रिज का निर्माण फरवरी 2019 से शुरू हुआ और उन्हें फरवरी 2021 तक पूरा हो जाना था, तो फिर देर क्यों हुई। इसकी वजह क्या है? अधिकारियों ने उनसे कोरोना काल व बाजार के बीच से पुल निर्माण का होना कारण बताया। उन्होंने कहा कि बाजार के बीच में ब्रिज का निर्माण होने से आवाजाही प्रभावित न हो उसे ध्यान में रखते हुए कार्य किया गया। इस दौरान सुरक्षा के मानकों का भी काफी अधिक ध्यान दिया गया। जिसकी वजह से निर्माण में देरी हो रही है।
सांसद विजय बघेल ने अधिकारियों से कहा कि वो ये तय करके अभी उन्हें बताएं कि ओवर ब्रिज का काम कब तक पूरा होगा। इस पर अधिकारियों ने मंथन कर बताया कि सुपेला ओवरब्रिज 15 दिसम्बर 2022 तक पूरा हो जाएगा। इसी तरह पावर हाऊस ओवरब्रिज अप्रैल 2023 तक, डबरा पारा ओवरब्रिज जून 2023 तक और कुम्हारी ओवरब्रिज मार्च 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा। सांसद श्री बघेल ने कहा कि सर्विस रोड को तुरंत सुधारा जाए। खराब सर्विस रोड की वजह से सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है। इसमें सैकडों लोगों की जान जा चुकी है। ऐसा न हो इसका विशेष ध्यान दिया जाए।