दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 16 नवंबर। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के रिसामा में यूनिसेफ एवं ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस छत्तीसगढ़ द्वारा बाल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू थे। कार्यक्रम की शुरुवात में अतिथियों द्वारा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने पालकों से निवेदन करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अच्छा नागरिक बनाने के लिए संस्कार की शिक्षा जरूर दें।
इस मौके पर बच्चों ने गृहमंत्री से विभिन्न सवाल भी पूछे छात्र सेजल साहू ने पूछा कि आप बचपन मे क्या बनना चाहते थे। जिस पर श्री साहू ने कहा कि मैं बचपन में डॉक्टर बनना चाहता था। जिसके लिए मैं बायोलॉजी विषय लेकर पढ़ाई भी किया। राजनीति में जाने का कभी नहीं सोचा था। लेकिन गाँव में साथियों ने नवयुवक मंडल का अध्यक्ष बनाया दिए, उसके बाद पंच, सरपंच, जनपद ,विधायक, सांसद बन गया।
परीक्षा में घबराहट से कैसे सामना करें
कुछ बच्चों ने परीक्षा की घबराहट होने पर सवाल किया कि इनसे सामना कैसे करें? श्री साहू ने बच्चों से कहा कि परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं है। पूरे साल आपके शिक्षकों द्वारा सभी विषय की पढ़ाई करवाया जाता है। परीक्षा में आपके पुस्तक से बाहर का प्रश्न नही पूछा जाता आप लग्न के साथ पढ़ाई करेंगे तो सभी प्रश्नों की जवाब लिख सकते है।
किस तरह की फि़ल्म देखते थे
एक बच्चे ने साहू पूछा कि आप बचपन में फिल्में देखते थे कि नहीं और किस तरह की फिल्मों के शौकीन थे। जिस पर उन्होंने कहा कि उस समय टेलीविजन बहुत कम हुआ करता था और टाकीज भी नहीं होता था। चटाई से बने टॉकीज में रात को फिल्में दिखाई जाती थी। स्कूल के समय कभी फिल्में देखने का मन हुआ करता था तो देशभक्ति से प्रेरित फि़ल्म देखते थे।
इस मौके पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक प्रतिमा चन्द्राकर, ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज चन्द्राकर, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष बालम चक्रधारी, केश कला बोर्ड अध्यक्ष नंदकुमार सेन, जनपद अध्यक्ष दवेंद्र देशमुख,जनपद उपाध्यक्ष झमित गायकवाड़,सरपंच गीता महानन्द, सैम सुधीर बंडी, डी श्यामकुमार,बीईओ गोविंद साव,एमसीसीआर सदस्य बलराम यादव, किशन हिरवानी, देवेंद्र पटेल, संजय साहू एवं सहित अन्य उपस्थित थे।