दुर्ग
कृपया धोखे और भ्रामक खबरों से बचें-जिला प्रशासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 नवंबर। विगत दिनों से लगातार सोशल प्लेटफार्म पर भ्रामक जानकारी परोस लोग बिना जानकारी इसे फारवर्ड कर रहे हैं, ऐसी झूठी खबर प्रसारित भी की जा रही है। अपर कलेक्टर दुर्ग के माध्यम से इस गलत जानकारी को प्रसारित और फारवर्ड करने पर तत्काल रोक लगाई गई है।
जिला जनसम्पर्क सहायक संचालक ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि अपर कलेक्टर द्वारा आम जनता को अवगत कराया गया है कि वर्तमान में खसरा नंबर 21/2, 21/3, 29/2, 148/4 109 निजी भूमि स्वामी के नाम पर दर्ज है। उक्त खसरों को छग राज्य के वक्फ बोर्ड के नाम पर नामांतरण करने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी छग राज्य वक्फ बोर्ड रायपुर द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया है, उनके द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर वर्तमान में कोई भूमि अंतरण की कार्रवाई नहीं की गई है।
उक्त आवेदन पर नियमानुसार परीक्षण कर कार्रवाई की जानी है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर बहुत सारी भ्रामक जानकारी दी जा रही है, जो सरासर तथ्यहीन और गलत है। जिला प्रशासन दुर्ग ने जिले के निवासियों से अपील है कि ऐसी किसी भी भ्रामक जानकारी से दूर रहें।