दुर्ग

नेशनल लोक अदालत, 5 हजार मामले निपटे
13-Nov-2022 3:52 PM
नेशनल लोक अदालत, 5 हजार मामले निपटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 नवंबर।
नेशनल लोक अदालत का आयोजन शनिवार को किया गया। वर्ष 2022 के अंतिम नेशनल लोक अदालत में कुल 5083 प्रकरण निराकृत हुए जिसमें समझौता राशि 12, 65,99, 296 रुपए रही।
नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश नरेंद्र सिंह चावला, विशेष न्यायाधीश शैलेश कुमार तिवारी, प्रथम अपर जिला न्यायाधीश संजीव कुमार तमक, जिला अधिवक्ता संघ की अध्यक्ष नीता जैन, सचिव रविशंकर सिंह तथा अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, न्यायाधीश गण, अधिवक्ता गण आदि उपस्थित रहे। नेशनल लोक अदालत के लिए कुल 31 खंडपीठ का गठन किया गया था।

परिवार न्यायालय दुर्ग हेतु दो खंडपीठ, जिला न्यायालय में 23 खंडपीठ, तहसील न्यायालय पाटन में एक खंडपीठ, तहसील न्यायालय भिलाई 3 में 2, किशोर न्याय बोर्ड में 1, श्रम न्यायालय में 1 तथा स्थाई लोक अदालत जनोपयोगी सेवा दुर्ग में 1 खंडपीठ का गठन किया गया था। शनिवार को हुए नेशनल लोक अदालत में कूल 3593 न्यायालयीन प्रकरण तथा कुल 1490 प्री लिटिगेशन प्रकरण निराकृत हुए ।जिसमें कुल समझौता राशि 12,65,99,296 रुपया रही।

 निराकृत हुए प्रकरण में 519 दांडिक प्रकरण एक्लेम के 47 प्रकरण,122 पारिवारिक मामले, 320 चेक अनादरण मामले, 40 व्यवहारवाद मामले, 33 श्रम प्रकरण मामले, 159 स्थाई लोक अदालत जनोपयोगी के मामले निराकृत हुए। 1490 प्री लिटिगेशन के प्रकरण लोक अदालत ने निराकृत हुए । राजस्व न्यायालय के कुल1243 प्रकरण निराकृत हुए हैं। ़उत्तर प्रदेश के रहने वाले आवेदक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुआ समझौता मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण में आवेदक गण उत्तर प्रदेश से ग्रामीण परिवेश में निवास करने वाले थे। उनका 28 वर्षीय पुत्र जो  प्राइवेट जॉब करता था उसकी 12 अक्टूबर 2021 को मध्य रात्रि में स्कोडा वाहन और मोटरसाइकिल की दुर्घटना होने से  मृत्यु हो गई थी, जिसके संबंध में 44 लाख रुपए का क्लेम प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोडक़र आवेदक, बीमा कंपनी एवं पक्षकारों के मध्य 30 लाख रुपए में समझौता किया गया।

पक्षकारों के मध्य ग्राम खमरिया के संपत्ति विवाद के लेनदेन के संबंध में इकरारनामा की अग्रिम राशि 1 करोड़ रुपये तथा उस पर 9 प्रतिशत ब्याज की राशि हेतु प्रतिवादी गण के विरुद्ध 5 वर्ष पूर्व से प्रकरण चल रहा था। लोक अदालत में आज वादी और प्रतिवादी के मध्य न्यायालयीन प्रकरण को पूर्ण संतुष्टि के साथ राजीनामा के आधार पर निराकृत किया गया।

नेशनल लोक अदालत में पति-पत्नी तथा पिता पुत्र के पारिवारिक विवाद के मामलों में कुल 122 प्रकरण लोक अदालत में निराकृत हुए हैं। पारिवारिक विवाद लोक अदालत ने खत्म होने से परिवार के मध्य विवाद की स्थिति समाप्त हो जाती हैए इसको   लेकर अधिक से अधिक मामले को निपटाने का प्रयास किया गया। इसी तरह कुल 47 मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों में पक्षकारों को कुल 1, 82,94,055 रुपए की क्षतिपूर्ति प्राप्त हुई है।
 


अन्य पोस्ट