दुर्ग
भिलाई नगर, 13 नवंबर। नगर पालिक निगम भिलाई चरौदा के महापौर निर्मल कोसरे के द्वारा क्षेत्र के समस्त व्यापारियों एवं व्यवसायियों के साथ बैठक लेकर मुख्य मार्ग में हो रहे अतिक्रमण संबंधी व्यवधान पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में महापौर सहित परिषद् के सदस्य तथा निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, साथ ही क्षेत्र के सभी बड़े, छोटे प्रतिष्ठानों के संचालकों की भी उपस्थिति रही।
गौरतलब है कि निगम प्रशासन एवं ट्रैफिक विभाग द्वारा सयुंक्त रूप से लिए गए निर्णय अनुसार, शहर की प्रमुख सडक़ के दोनो ओर किए गए अतिक्रमण पर कार्यवाही किया जाना है। हनुमान मंदिर चरोदा से लेकर डबरा पारा भिलाई-3 तक के क्षेत्र में दोनों ही ओर ही हुये अवैध अतिक्रमण को हटाया जायेगा। इस कार्यवाही में निगम दल, ट्रैफिक विभाग तथा पुलिस विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। जिन व्यवसायियों के द्वारा सर्विस रोड पर विभिन्न प्रकार की सामग्री अपनी दुकान के सामने रखी जा रही है। उन्हें दो दिनों के भीतर अतिक्रमण तथा रोड पर रखे गए सामान इत्यादि हटाने का अवसर आज बैठक के उपरांत प्राप्त हुआ है जिस पर सोमवार से कार्यवाही की जाएगी।