दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 नवंबर। दुर्ग जिले के भिलाई-3 शहर में एक बार फिर से उठाईगिरी की घटना हो गई है। बताया जा रहा है कि पदुम नगर भिलाई-3 स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने से बाइक की डिक्की से डेढ़ लाख रूपये पार किए गए हैं। दिनदहाड़े इस उठाई गिरी की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। मौके पर सीएसपी प्रभात कुमार व भिलाई नगर थाना प्रभारी पहुंचकर जांच में जुट गए हैं, फिलहाल बैंक में लगे सीसी टीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना लगभग एक बजे के आसपास की है। भिलाई-3 स्टेट बैंक के सामने से उठाईगिरी की यह घटना हुई है। पीडि़त पवन कुमार बैंक से रुपए निकालकर बाहर आया और बाइक की डिक्की में रुपए डाले, चंद मिनटों के भीतर किसी अज्ञात शख्स ने डिक्की से रुपए पार कर दिया है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पवन कुमार के अनुसार डिक्की में डेढ़ लाख रुपये रखा था जो गायब हो गए हैं। पुलिस मौके पर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।