दुर्ग
शिकायत बाद 11 महीने से थाना का चक्कर काट रहा पीडि़त युवक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 नवंबर। एक जॉब प्लेसमेंट कंपनी द्वारा एसीसी सीमेंट प्लांट में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार युवक थाना में शिकायत के बाद भी पिछले 11 महीने से न्याय की गुहार लगाते भटक रहा है।
जामुल सीमेंट प्लांट में सीनियर टेक्निशियन पद के लिए बाकायदा उसका इंटरव्यू भी हुआ और 8 दिसंबर 2021 को उसे ज्वाईन करने लेटर भी आया। प्लांट के लिए सेफ्टी डिवाइस के नाम पर भी रूपये लिए गए मगर सेफ्टी डिवाइस नहीं दिया गया। लगभग 3 लाख रूपये से अधिक की इस धोखाधड़ी की जानकारी मिलते ही युवक जब ज्वाइनिंग लेटर लेकर फिर जामुल सीमेंट प्लांट गया तो उसे भीतर नहीं घुसने दिया गया और प्लेसमेंट कंपनी ने भी फोन बंद कर दिया।
पीडि़त ने बताया कि एसीसी सीमेंट प्लांट की साइट पर आज भी क्विकर प्लेसमेंट कंपनी का विज्ञापन मौजूद है, पर शिकायत के बाद भी पुलिस मामले में हीला हवाला करती रही है नतीजतन धमका के लिटिया थाना, दुर्ग जिले के जामुल थाना, साइबर सेल और एसपी से शिकायत करने के बाद भी वह पिछले 11 महीने से दर दर भटक रहा है।
पीडि़त ग्राम पोटिया सेवती थाना बोरी जिला दुर्ग निवासी पुकेश्वर कुमार देशमुख ने बताया कि वह इलेक्ट्रिशियन ट्रेड से आईटीआई किया हुआ है। उसने एसीसी सीमेंट प्लांट में नौकरी के लिए कंपनी की साइट पर क्विकर जॉब प्लेसमेंट का विज्ञापन देख 2 नवम्बर 2021 को जॉब के लिए एप्लाई किया। 6 नवम्बर 2021 को क्विकर जॉब के कस्टमर रिलेशनशिप अफसर पल्लवी सिन्हा से फोन पर बात हुई।
पुकेश्वर को अपना पहचान पत्र, बायोडाटा मेल करने को कहा गया। मेल करने के बाद कस्टमर रिलेशनशिप अफसर ने जॉब प्रोसेस चार्ज के बारे में जानकारी दी। पुकेश्वर को नौकरी की अवश्यकता होंने पर क्विकर जॉब प्लेसमेंट के प्रोसेस चार्ट के लिए उसने 44 हजार, इंटरव्यू फीस 75 हजार, रजिस्ट्रेशन फीस 2 हजार 200 रुपये क्विकर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंट आईडीएफसी बैंक में ट्रांसफर किया।
11 नवम्बर को एसीसी रिक्वायरमेंट मैनेजर (एचआर) अरविंद पाटिल नामक व्यक्ति का पीडि़त को इंटरव्यू लेटर ईमेल से प्राप्त हुआ जिसमें इंटरव्यू तारीख 13 नवंबर 2021 को मुंबई एसएससी में होना उल्लेखित था। फिर बताया गया कि कंसलटेंसी से इंटरव्यू का जगह मैनेज कर जामुल सीमेंट प्लांट भिलाई में ही इंटरव्यू होगा।
पुकेश्वर कुमार देशमुख ने बताया कि 13 नवम्बर 2021 को एसीसी जामुल के पुराने गेट पर एचआर टीम ने उसे पिकअप किया और बाकायदा जामुल एसीसी के कार्यालय में इंटरव्यू भी लिया गया। जब पीडि़त ने इंटरव्यू लेने वाले व्यक्ति से मोबाइल नंबर की मांग की तो उन्होंने कहा कि एचआर प्रमुख अरविंद पाटील आपको कॉल करके सारी जानकारी देंगे। इसी दिन पुकेश्वर को जॉब के लिए सिलेक्शन लेटर भी दिया गया। इसके बाद 15 नवम्बर 2021 को जॉब ऑफर लेटर भी दिया गया।
इस दौरान यूनिफॉर्म गेट पास, सेफ्टी किट आदि के लिए 27 हजार 900 रूपये की डिमांड कंसल्टेंसी द्वारा की गई। कंसल्टेंसी ने बैंक में अकाउंट खोलने सैलरी फार्म भी भेजा और पुकेश्वर ने फार्म फिल कर वापस कंसल्टेंसी को भेज दिया। इसके बाद एचएसबीसी बैंक का नोटिफिकेशन पीडि़त के मोबाइल नंबर आया जिसमें स्पष्ट रूप से उल्लेख था सैलरी अकाउंट ओपन हो गया और उसमें रुपए भी जमा हैं।
खुद को एसीसी प्लांट का एचआर बताने वाले अरविंद पाटिल ने 86 हजार 600 रुपये नागपुर केंद्रीय बैंक के नाम से एनईएफटी बैंक प्रोसेस के लिए करवाया था। इसके बाद एक एनओसी भी पुकेश्वर को दी गई। अब तक पुकेश्वर नौकरी के लिए सभी जरूरी प्रक्रिया के लिए लगभग 3 लाख रुपये दे चुका था। सेफ्टी इक्वीपमेंट न मिलने पर उसने पहले लिटिया थाना में शिकायत की तो उसे शिकायत लेकर जामुल थाना में एफआईआर करने कहा गया। उसके बाद जामुल पुलिस ने बयान लेने के बाद भी अपराध कायम करने की बजाय शिकायत को जांच के लिए महीनों पेंडिंग में रखा। लगातार जामुल पुलिस के चक्कर काटने और सायबर सेल से बिना एफआईआर कोई मदद न होने की बात कहे जाने पर वह एसपी तक शिकायत लेकर गया।
पुकेश्वर ने बताया कि जनवरी 2022 से वह लगातार मामले को लेकर थाना और पुलिस अफसरों से फरियाद करता रहा है। आरक्षक के साथ एबीसी प्लांट में सभी दस्तावेज ले वह जानकारी लेने पहुंचा तो प्लांट के गेट से भीतर जाने नहीं दिया गया। प्लेसमेंट एजेंसी और एचआर मैनेजर के फोन बंद मिले। सैलरी एकाउंट भी पिताजी करने पर फर्जी पाया गया है। 3 लाख रूपये के सभी ट्रांजेक्शन बैंक से ही किए गए हैं मगर पुलिस कार्रवाई में उपेक्षा और देरी की वजह से इस सुनियोजित धोखाधड़ी का लाभ सभी आरोपियों को मिला है वहीं पुकेश्वर मानसिक रूप से प्रताडि़त होने मजबूर है।