दुर्ग

बलात्कार और मारपीट की रिपोर्ट बाद भी प्रेमी युगल लगातार मिलते रहे
09-Nov-2022 5:59 PM
बलात्कार और मारपीट की रिपोर्ट बाद भी प्रेमी युगल लगातार मिलते रहे

   दो माह जेल काट जमानत पर छूटा था प्रेमी    

होटल में 8 और जोड़े ठहरे थे, खुदकुशी की खबर बाद चेक आउट किए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 9 नवंबर।
आज स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित होटल कृश में युगल द्वारा खुदकुशी की खबर पर जब पुलिस घटनास्थल पहुंची तो जांच में पता कि इस होटल में एक ही दिन में कल से 9 प्रेमी युगल ने कमरा बुक करा रखा था। कमरा नंबर 403 में प्रेमी युगल की खुदकुशी की खबर मिलते ही आनन-फानन में दूसरे जोडो़ं ने सुबह ही एक के बाद एक चेकआउट किया। अमूमन सभी लोग लोकल क्षेत्र के ही रहवासी हैं। होटल में इस तरह लोकल जोड़े का कमरा बुक कर रहना भी शहर के होटलों के लिए जांच का विषय है। 

जिस जोड़े के द्वारा आज खुदकुशी की खबर मिली, उसके संबंध में भी सनसनीखेज बात सामने आई है। जिस शादीशुदा युवक अफरोज खान (25 वर्ष) निवासी कातुलबोर्ड के साथ कल रात शिवाजी नगर की युवती तापसी बेन ने कमरा बुक किया था, उसी के खिलाफ वर्ष 2021 में तापसी ने शादी का झांसा देकर बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज करवायी थी। धारा 354 और 506 के तहत आरोपी अफरोज दो माह जेल काटने के बाद जमानत पर बाहर आया था। इस घटना के बाद अफरोज की पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है वहीं तापसी के परिजन भी काफी परेशान हैं। 

पता चला है कि तापसी और अफरोज का प्रेम प्रसंग पुराना है। अफरोज की शादी बाद ही तापसी ने उसके खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाते हुए अपराध दर्ज करवाया था। जेल से आने के बाद भी दोनों का मेलमिलाप जारी रहा। 

प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि अफरोज खान प्राइवेट फायनेंस का काम करता था तथा मृतका तापसी बेन भी प्राइवेट जॉब करती थी। अफरोज खान एवं तापसी के बीच अप्रैल 2018 से प्रेम संबंध और गहरा रिश्ता था। अफरोज खान ने वर्ष 2021 में सविता ठाकरे से शादी कर ली तो तापसी एवं अफरोज के बीच अनबन हो गयी। तापसी ने अफरोज खान के विरुद्ध 3 अगस्त 2021 को लिखित शिकायत दी थी कि अफरोज खान द्वारा शादी का प्रलोभन देकर इसके साथ दैहिक शोषण किया। चौकी स्मृतिनगर थाना सुपेला में अपराध पंजीबद्ध कर 4 अगस्त 2021 को अफरोज को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया था। 

तापसी बाइन ने 8 अगस्त 2021 को पुन: शिकायत किया कि अफरोज खान एवं उसकी पत्नी सविता ठाकरे तथा अनुप बकोडे द्वारा एक राय होकर रास्ता रोककर मां-बहन की गाली देकर उससे मारपीट की गयी है। चौकी स्मृतिनगर ने धारा 294, 506, 323, 341, 34 के तहत पुन: अपराध दर्ज कर न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया था। दो माह जेल काटने के बाद बाहर आए अफरोज एवं तापसी की अक्सर फोन से बातचीत होती रही और दोनों ने मिलना-जुलना जारी रखा। 

8 नवंबर को अफरोज अपने ऑफिस से 2:30 बजे दोपहर करीब निकला तथा तापसी को अपने साथ लेकर होटल कृश खम्हरिया रोड जुनवानी गया। दूसरे दिन अफरोज खान के घर नहीं आने पर इसके परिवार वाले एवं दोस्त पता किये तो होटल के कमरे में तापसी एवं अफरोज खान एक ही पंखे में अलग अलग गले में फंदा डालकर लटके मिले। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शव पीएम के लिए भेज दिए हैं।


अन्य पोस्ट