दुर्ग
दुर्ग, 7 नवंबर। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि दुर्ग शहर की जनता अच्छी सडक़ और पीने के पानी के लिए मोहताज हो गई है। सडक़ों के हालात ऐसे हैं, जिन पर पैदल नहीं चला जा सकता। पूरे शहर की सडक़ गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आए दिन सडक़ हादसे हो रहे हैं।
उन्होंने रक्षाबंधन के दिन घटित 9 साल की मासूम बच्ची की सडक़ हादसे में मौत का जिक्र करते हुए कहा कि दुर्ग की सडक़ें दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है। मासूम बच्ची की मौत के बाद भी दुर्ग शहर के विधायक अरुण वोरा और महापौर नीरज बाकलीवाल की आंखे नहीं खुली है। दोनों जनप्रतिनिधियों के कानों में जूं भी नहीं रेंग रही है।
जिलाध्यक्ष वर्मा ने आगे कहा कि केंद्र सरकार की हर घर पानी पहुंचाने के लिए 152 करोड़ रुपए की अतिमहत्वकांक्षी अमृत मिशन योजना का शुभारंभ हुआ, जिसमें केंद्र सरकार ने पूरी राशि भेजी, लेकिन राज्य सरकार ने इसका क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं किया, जिसके चलते आज भी शहर की 50 फीसदी जनता पानी के लिए मोहताज है।
अमृत मिशन योजना के तहत नई पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू जरूर हुआ है, लेकिन दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल की अनदेखी के चलते पूरी तरह धरातल पर खरा नहीं उतरा है। सडक़ों के संधारण करने का काम किया जा रहा है, लेकिन गुणवत्ता विहीन मटेरियल का उपयोग किया जा रहा है। सडक़ों के गड्ढों में मुरुम की जगह राखड़ डालकर पाटने का खुला खेल चल रहा है।
जिलाध्यक्ष वर्मा ने लोक निर्माण विभाग मंत्री ताम्रध्वज साहू को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य कर प्रशासन जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। यह कार्य केवल खानापूर्ति है और ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग मंत्री का गृह जिला होने के बाद भी सडक़ लचर और बदहाल है। लोक निर्माण विभाग मंत्री साहू के सुस्त कार्यप्रणाली के चलते ठेकेदार मनमानी कर गुणवत्ताविहीन सडक़ निर्माण कर अपनी जेब भर रहें है। यहां एक बात और गौर करने लायक है कि जितनी भी सडक़ें बन रही है उसका काम अपने पसंदीदा ठेकेदार को दे रहे हैं, जो खुले तौर पर मनमानी करते हुए गुणवत्ताविहीन सडक़ बना रहे हैं।