दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 नवंबर। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग और पब्लिक हेल्थ विभाग में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुलाधिपति सुशील चन्द्राकर ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत करने से सफलता अवश्य मिलती है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.के. पाठक ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से प्रेरित-प्रोत्साहित किया। उन्होंने मुख्यरूप से नवाचार पर जोर दिया।
डीन, इंजीनियरिंग प्रो. डी.सी. परसाई ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर रैगिंग मुक्त परिसर है। उन्होंने कहा कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से संपर्क में रहें। डीन अकादमिक ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की
शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पब्लिक हेल्थ विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मृति खारा ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डॉ. और नर्स के साथ ही पब्लिक हेल्थ प्रोफेशनल्स की भी मांग बहुत बढ़ी है। बायोटेक्नोलॉजी विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ. रामास्वामी राजेश कुमार ने इंजीनियरिंग के वैश्विक परिदृश्य के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी।
कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के पठन-पाठन संबंधी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इंजीनियरिंग के सभी विभागों के विभागाध्यक्षों ने अपनी-अपनी ब्रांच के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्मृति खारा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. भावना जंघेल ने किया।
इस अवसर पर प्रो. एम. के. घोष, डॉ. विक्रांत डोंगरे, योगेश देशमुख, डॉ. निधि सोनी, डॉ. शशिकांत ताम्रकर, चित्रांजना डॉ. इंदिरा एस. जैन सहित विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।