दुर्ग
एसपी क्षेत्र से 205 करोड़ की जमीन हुई कब्जा मुक्त, टाउनशिप में कब्जे के चार सौ से ज्यादा आवास हुए खाली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 अक्टूबर। वर्षों से अवैध कब्जे में फंसी सेल की 24 एकड़ जमीन को मुक्त करा लिया गया है। बीएसपी के मुख्य महाप्रबंधक एसव्ही नन्दनवार के आने के उपरांत कई साल से अवैध कब्जे और संयंत्र के आवासों में कब्जा कर रह रहे लोगों को खदेडऩे में न सिर्फ बीएसपी प्रबंधन को कामयाबी मिली है बल्कि अब लगातार कार्यवाही भी की जाने लगी है। इस कार्रवाई में ऑफिसर्स एसोसिएशन व संयुक्त ट्रेड यूनियन का भी खुलकर समर्थन बीएसपी मैनेजमेंट को मिल रहा है।
इस अभियान के तहत अब तक 434 मकानों से कब्जेदार खदेड़ दिए गए हैं। टाउनशिप क्षेत्र में बीएसपी की खाली जमीन पर कोई फॉर्म हाउस तो कोई खेती करना शुरू कर चुका था, यही नहीं कुछ लोग तो सालों से कारखाना भी चला रहे थे। कुल मिला कर दुकान-मकान समेत लगभग 200 करोड़ की जमीन अवैध कब्जे में है। मरोदा क्षेत्र में तो अघोषित बाजार तक बस गया मगर संयंत्र प्रबंधन कब्जेधारियों को खदेडऩे की बजाय आंख मूंदे बैठा रहा। इस चुप्पी और उदासीनता को तोड़ते हुए पिछले कुछ महीने से अचानक अभियान चला एक तरफ से सभी अवैध कब्जे जमींदोज किए जा रहे हैं।
अब तक सेल की भिलाई क्षेत्र में लगभग 24.04 एकड़ जमीन को बीएसपी मैनेजमेंट ने कुछ दिनों के भीतर कब्जा मुक्त करा लिया है, जिसकी वर्तमान कीमत 205 करोड़ 27 लाख रुपए बताई जा रही है। टाउनशिप के 434 आवासों को खाली कराकर अलॉटी, स्टेट कोर्ट और मेंटेनेंस आफिस को हैंडओवर किया गया है। पिछले 40 सालों से जिन डिक्री पर क्रियान्वयन नहीं हो सका था, उस पर भी एक्शन लिया गया। संपदा न्यालय में पारित 204 डिक्री कार्यान्वयन की गई जो कि एक रिकॉर्ड है। अभियान के तहत 450 से अधिक अवैध निर्माण/ स्ट्रक्चर्स तोड़े गए हैं। जीई रोड खुर्सीपार एरिया की आठ ऐसी फैक्ट्री को सील किया गया जिसके संचालक रेवेंयू के मामले में बीएसपी को चपत लगा रहे थे। मरोदा क्षेत्र की अवैध कॉलोनी शिवपारा को भी उजाड़ा गया। मरोदा क्षेत्र में भी दो अवैध फैक्ट्री ध्वस्त की गई। मरोदा के अवैध मार्केट पर भी बुलडोजर चला और सिविक सेन्टर, नेहरू आर्ट गैलरी के सामने, रिसाली, नेवई, स्टेशन मरोदा, नंदिनी, बीरेभाट, खेदामारा, उतई रोड सहित टाउनशिप में कई स्थानों में बुलडोजर चला अवैध कब्जेधारियों को बेदख़ल किया गया है। इस कार्यवाही में एनफोर्समेंट, भूमि विभाग और हाउसिंग सेक्शन द्वारा संयुक्त रूप से भागीदारी निभाते हुए पुलिस व जिला प्रशासन से भी सहयोग लिया गया।
गौरतलब हो कि मुख्य महाप्रबंधक एसव्ही नन्दनवार के आने के बाद ही कार्यवाही में अत्यधिक तेजी आई। उन्होंने इस मामले में ऑफिसर्स एसोसिएशन व संयुक्त ट्रेड यूनियन का भी सहयोग लिया। नगर सेवायें विभाग द्वारा कईकब्जेधारियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में एफआईआर भी करवायी गयी। श्री नंदनवार ने बताया कि कब्जेधारियों, भूमाफिय़ा और दलालों के विरुद्ध आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।