दुर्ग
छाया धन वर्षा की संचालक पर जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 अक्टूबर। छाया धन वर्षा की संचालक ने कई लोगों से अधिक ब्याज एवं लाभ के रूप में अर्जित राशि देने का झांसा देकर निवेश कराए, पर समय निकल जाने के बाद भी इन लोगों की न राशि वापस की और न ही ब्याज ही दिया। शिकायत के बाद कलेक्टर दुर्ग के जांच प्रतिवेदन 12 अक्टूबर के माध्यम से अपर कलेक्टर दुर्ग का जांच प्रतिवेदन पुलिस कार्यालय के माध्यम से कोतवाली थाना को प्राप्त हुआ, जिस पर कोतवाली थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पीडि़ता नीलम शर्मा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने छाया धन वर्षा पोलसाय पारा मंगलम हॉस्पिटल की संचालक छाया शर्मा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के निवेशकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 7 व 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक पोलसाय पारा स्थित मंगलम हॉस्पिटल की संचालक छाया शर्मा द्वारा छाया धन वर्षा स्कीम के तहत कई लोगों से अधिक ब्याज व उचित राशि वापस करने का लालच देकर रकम जमा कराई गई थी। पीडि़ता नीलम शर्मा पति दीपक शर्मा निवासी गंजपारा दुर्ग ने 10 फरवरी 2015 को 1,24,000 रुपए, वंदना देवकर पति महेंद्र देवकर आपा पूरा दुर्ग निवासी ने 10 जनवरी 2017 को 1,24,000 रुपए, ममता लेखवानी निवासी पोलसाय पारा ने 20 जनवरी 2015 को 2,30,000 रुपए, कविता खत्री निवासी सिंधी कॉलोनी ने 4 अक्टूबर 2015 को 16,80,000 रुपए जमा कराए थे। निवेशकों के मैच्युरिटी डेट पूर्ण हो जाने के बाद भी उन्हें न तो रकम वापस की गई और न ही उन्हें जमा रकम पर उचित ब्याज ही दिया गया। परेशान होकर पीडि़ता एवं अन्य लोगों ने शिकायत की थी।