दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 29 अक्टूबर। कोरोना महामारी की दो वर्ष तक मार झेलने के उपरांत इस वर्ष दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के साथ मातर पर्व भी अत्यन्त हर्षोल्लास पूर्वक पूरे कुम्हारी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मनाया गया।
वार्ड-17 रामपुर (चौरहा) में मातर पर्व 25 वर्षों के पश्चात इस वर्ष अपूर्व उत्साह, उमंग तथा सद्भाव पूर्वक मनाया गया। वार्ड पार्षद राकेश कुर्रे ने बताया कि रामपुर (चौरहा) में मातर पर्व 25 वर्ष के बाद पुन: ग्राम वासियों तथा यादव समाज के युवा वर्ग और वयोवृद्ध प्रबुद्धजन के प्रयासों से शांति और सफलता पूर्वक मनाया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी समस्त ग्रामवासी एवं स्वयं पार्षद भी सम्मिलित हुए। नगरवासियों को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि प्रतिवर्ष इसी प्रकार पर्व मनाने का क्रम हम सब मिलकर जारी रखेंगे।
इसी प्रकार समीपस्थ ग्राम पहन्दा में भी मातर का त्यौहार बड़े धूमधाम से मनाया गया। जोहार में मंच पर ग्राम के सरपंच मोहन साहू पंडवानी कलाकार चेतन राम देवांगन अश्वनी साहू राजेंद्र साहू सुरेंद्र साहू रामानंद मिश्रा छत्तीसगढ़ प्रांत हिंदू जागरण मंच के महासचिव अवधेश दुबे सुरेश पांडे संघ के स्वयंसेवक आरबी मिश्रा बटन मंडी अध्यक्ष राजेश बघेल चेलाराम साहू रेखा राम वर्मा रावत समाज के गोटिया कृपाराम यादव नंदलाल साहू अखाड़ा संचालक मोहन ठाकुर सहित सैकड़ों की संख्या में गांव के किसान महिलाएं युवा बच्चे सभी उपस्थित थे।
कोसरिया समाज द्वारा राउत नाचा का जोरदार प्रदर्शन जहां किया गया, वहीं मोहन ठाकुर अखाड़ा संचालक के नेतृत्व में अखाड़े का जोरदार प्रदर्शन किया गया। कोसरिया समाज के लोगों द्वारा अपनी वेशभूषा में पारंपरिक रावत नृत्य करते हुए पूरे गांव का भ्रमण किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए दूर-दूर क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
कुम्हारी से सटे ग्राम अकोला में यादव परिवार के द्वारा साजु वेशभूषा में तैयार होकर गांव भ्रमण कर बड़ी धूमधाम से मातर त्यौहार मनाया गया। यदुवंशी वेशभूषा में यादव लोगों की परंपरागत नृत्य को गांव वाले ने आनंद लिया व प्रसाद के रूप में दूध वितरण किया गया।
गांव के प्रभु यादव ने बताया कि यह हमारे पूर्वजों के द्वारा निर्मित हमारी छत्तीसगढ़ की संस्कृति हैं, जिसे हम सभी इसे संजो कर आगे बढ़ाते हुए त्यौहार मना रहे हैं।