दुर्ग
एनवाईके दुर्ग ने शीतला मंदिर क्षेत्र में चलाया स्वच्छता अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 27 अक्टूबर। नेहरू युवा केन्द्र दुर्ग युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत 2.0 कार्यक्रम अंतर्गत शीतला मंदिर सिविल लाइन दुर्ग के आसपास जिला युवा अधिकारी नितिन शर्मा के नेतृत्व में प्लास्टिक संग्रहण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्वच्छता अभियान में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं पद्मश्री सबा अंजुम, एनआईए कोच मोहम्मद ताजुद्दीन, वेटलिफ्टर तुलसी सोनी, एनवाईके दुर्ग लेखा व कार्यक्रम सहायक आरती मिश्रा, एनवाईके दुर्ग जिला सलाहकार सदस्य व शौर्य संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज ने अपनी विशेष उपस्थिति प्रदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागी बनकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
पद्मश्री सबा अंजुम ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारे स्वास्थ्य का सीधा सम्बन्ध स्वच्छता से है, यदि हमारे आस पास स्वच्छता बनी रहेगी तो हम स्वस्थ रहेंगे। स्वच्छता निरन्तर चलने वाली प्रक्रिया है और शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और हम साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
स्वच्छता अभियान में एमटीएस आशीष, एनवाईवी यादवेंद्र साहू, वीपी आनंद, ललेश्वरी साहू, प्रशांत साहू, कन्हैया साहू, यशवंत साहू, युवा शक्ति संगठन बोरसी, गौरवपथ संगठन पोटियाकला, युवा मंडल अहिवारा के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।