दुर्ग

44 करोड़ से दुर्ग के नगर निगमों की 288 सडक़ें होंगी दुरूस्त
21-Oct-2022 3:47 PM
44 करोड़ से दुर्ग के नगर निगमों की 288 सडक़ें होंगी दुरूस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अक्टूबर। 
बरसात की वजह से नगर निगमों में खराब हुई सडक़ों के दुरूस्त किये जाने का कार्य शीघ्र ही आरंभ हो जाएगा। इसके लिए 288 सडक़ों को चिन्हांकित किया गया है जिन्हें दुरूस्त किए जाने की जरूरत है। इनके निर्माण में 44 करोड़ रुपए की राशि व्यय होगी। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को मरम्मत का कार्य शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सडक़ों की मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्वक हो, इसके लिए मानिटरिंग अधिकारी होंगे। अपर कलेक्टर पद्मिनी भोई सडक़ों की मरम्मत के कार्य के लिए जिले की मानिटरिंग अधिकारी होंगी और उनके मार्गदर्शन में हर दस सडक़ के पीछे एक नोडल अधिकारी कार्य की गुणवत्ता देखेंगे।

उल्लेखनीय है कि पिछली बैठक में कलेक्टर ने बारिश से खराब हुई सडक़ों का चिन्हांकन करने और इसकी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे ताकि इसके संधारण की कार्रवाई की जा सके। भिलाई निगम में ऐसी 10 सडक़ें चिन्हांकित की गई हैं। इनके मरम्मत की लागत 8 करोड़ 83 लाख रुपए होगी। दुर्ग निगम में ऐसी 77 सडक़ें हैं जिनकी मरम्मत की लागत 10 करोड़ 15 लाख रुपए होगी। रिसाली निगम में ऐसी 185 सडक़ें हैं, जिनकी मरम्मत लागत 18 करोड़ 22 लाख रुपए है। नगर निगम भिलाई चरौदा में ऐसी 16 सडक़ें हैं जिनकी मरम्मत लागत 7 करोड़ 5 लाख रुपए होगी। इस तरह लगभग 44 करोड़ रुपए की लागत से जिले के नगर निगमों की 288 सडक़ें शीघ्र दुरूस्त हो जाएंगी।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता अशोक श्रीवास ने बताया कि विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। शीघ्र ही यह कार्य समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इसके साथ ही नगर पालिकाओं और नगर पंचायत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी सडक़ों के संधारण के निर्देश दिये गये हैं जिनके अनुरूप काम शीघ्र ही शुरू हो जाएगा।
 


अन्य पोस्ट