दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अक्टूबर । नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा में जोन स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का शुभारंभ कल निगम महापौर निर्मल कोसरे द्वारा सोमनी वार्ड से किया गया। निगम आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी से प्राप्त आदेश उपरांत संपूर्ण निगम क्षेत्र को कुल 5 जोन में विभाजित कर छत्तीसगढ़ ओलंपिक खेल आयोजित किये जा रहे हैं।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जरवाय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सोमनी में सुबह 11 बजे से प्रारंभ कर शाम 5 बजे तक विभिन्न खेलो जैसे कबड्डी खो-खो, फुगड़ी, लंगड़ी दौड़, रस्साकशी, पिठ्ठल, भंवरा, बाटी तथा अन्य पारंपरिक खेल पुरुष-महिला, बालक-बालिकाओं सहित स्थानीय लोगों की सहभागिता से प्रारंभ हुये।
उल्लेखनीय है कि विलुप्त हो रहे सांस्कृतिक-पारंपरिक खेलों की छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के माध्यम से पुनर्जीवित होने का अवसर प्राप्त हुआ है। निगम महापौर परिषद के सदस्य मोहन साहू, दीप्ति आशीष वर्मा,संतोषी निषाद, एम.जॉनी,मनोज डहरिया, एस. वेंकट रमना, ईश्वर साहू, देव कुमारी भलावी, सभी स्थानों पर निगम महापौर श्री कोसरे सहित उपस्थित रहे। जरवाय तथा सोमनी दोनो ही स्थानों पर क्षेत्रवासियों सहित आस-पास के गांव से भी लोगो ने पहुंचकर खेल उत्सव का आनंद लिया।
बुजुर्ग, माताओं और पुरुषों ने बताया कि इस आयोजन से उन्हे अत्यंत हर्ष और उल्लास का अनुभव हुआ तथा बच्चों को खेलते हुए देखकर सभी ने अपने बचपन को याद किया। निगम महापौर श्री निर्मल कोसरे ने बताया कि आज के विज्ञान और प्रतिस्पर्धा के दौर में पढ़ाई के साथ-साथ हमारे बच्चों में शारीरिक बल और स्फूर्ति का होना भी आवश्यक है, जो उन्हें इन खेलों से प्राप्त होगी।
आयुक्त अजय त्रिपाठी ने कहा कि छत्तीसगढ़ ओलंपिक खेल आयोजन की पूर्ण सफलता के लिए सभी पांच जोन में प्रभारी अधिकारी (विकटर वर्मा, वैभव त्यागी, किसलय साहू, मुकेश रात्रे , मुकेश चन्द्राकर) नियुक्त किये गये। साथ ही अश्विनी चंद्राकर सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, डी.के. पाण्डेय सहायक अभियंता) को सहायक नोडल अधिकारी एवं सुनील जैन-कार्यपालन अभियंता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह जानकारी जन संपर्क विभाग से विकास चन्द्र त्रिपाठी द्वारा प्रदान की गई।