दुर्ग
ट्रेनों में साफ-सफाई रहा प्रभावित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अक्टूबर। पिछले तीन माह से वेतन नही मिलने से नाराज रेल्वे कोचिंग यार्ड के कर्मचारियों ने सोमवार को कामकाज बंद कर ठेका कंपनी के खिलाफ आंदोलन शुरु कर दिया।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की संख्या 140 के लगभग है। जिनके द्वारा कामकाज बंद करने से ट्रेनों में सोमवार को साफ-सफाई का कार्य प्रभावित रहा।
रेल्वे के कोचिंग यार्ड के पास धरना पर बैठे कर्मचारी यूनियन नेता अजय सिंह ठाकुर ने बताया कि रेल्वे कोचिंग यार्ड का ठेका पूना की कंपनी सुमीत फेसलिटिज को मिला हुआ है। कंपनी के अधीनस्थ ये कर्मचारी कार्य करते है। जिन्हे कंपनी द्वारा पिछले तीन माह से वेतन नहीं दिया गया है। जिससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है। दीपावली करीब है लेकिन वेतन के अभाव में परिवार का गुजर बसर करना अब मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि कंपनी के अधिकारियों को वेतन के लिए कहा जाता है तो वे रेल्वे से बिल पास नहीं होने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लेते है। पिछले 3 माह का वेतन नहीं मिलने से कर्मचारी परेशान है। न्याय की मांग को लेकर कर्मचारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। धरना-प्रदर्शन में कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।