दुर्ग

भिलाई निगम कमिश्नर रोहित व्यास ने संभाला पदभार
09-Oct-2022 4:33 PM
भिलाई निगम कमिश्नर रोहित व्यास ने संभाला पदभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 अक्टूबर।
नगर पालिक निगम भिलाई के नए आयुक्त रोहित व्यास भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई.ए.एस.) ने शुक्रवार अपरान्ह को कार्यभार ग्रहण किया। कार्यालय में निगम के अधिकारियों ने नवनियुक्त आयुक्त का बुके देकर स्वागत किया और अपने विभागीय कार्यों का परिचय दिया।

कार्यभार ग्रहण करने के ठीक दूसरे दिन सुबह आयुक्त रोहित व्यास ने समीक्षा बैठक आहूत की और शासकीय कार्य तथा विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की। नगर निगम गठन के पश्चात आईएएस रोहित व्यास भिलाई निगम के 22 वे आयुक्त है। तत्कालीन आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने नवनियुक्त आयुक्त को कार्यभार सौंपा।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के तहत रोहित व्यास को भिलाई निगम आयुक्त तथा लोकेश चंद्राकर को दुर्ग निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। निगम आयुक्त ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद आज विभागीय अधिकारियों की बैठक बुलाई।

समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि विभागीय तथा नोडल अधिकारी स्वयं अपने कार्यों की मॉनिटरिंग अच्छे से करें ताकि नागरिक सेवाएं अंतिम छोर तक पहुंच सके।

बैठक में अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता दीपक जोशी व बी.के देवांगन, उपायुक्त रमाकांत साहू, निगम के जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी, भवन अनुज्ञा अधिकारी, लेखा अधिकारी, नोडल अधिकारी, सहायक अभियंता तथा विभाग प्रमुख आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट