दुर्ग

असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत ही विजयादशमी है-भूपेश
07-Oct-2022 4:47 PM
असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत ही विजयादशमी है-भूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 7 अक्टूबर।
विजयादशमी पर सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति कुम्हारी द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी मां महामाया मंदिर मैदान में मेला आयोजित किया गया।

रावण दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सपरिवार सम्मिलित होकर नगरवासियों को शुभकामनाएं मंच से प्रेषित की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस शारदीय नवरात्रि में नौ दिनों मां की उपासना कर जोत ज्वारा विसर्जन के बाद विजयदशमी का पर्व मनाया जा रहा है। आज के दिन अहंकार रूपी रावण का वध मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम द्वारा किया गया था। इस दिन असत्य पर सत्य की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक व अन्याय पर न्याय की विजय के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व से हमें प्रेरणा लेकर संकल्पित होकर सत्य धर्म न्याय के मार्ग का अनुसरण करना चाहिए इससे स्वयं का परिवार का और प्रदेश का उत्थान होगा।

समिति द्वारा 50 फीट का रावण जलाया गया वहीं आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा के कारीगरों द्वारा बनाये गए आतिशबाजी से लोगों का मनोरंजन हुआ जिससे शाम होते ही रंग बिरंगे पटाखों से आकाश जगमगा उठा। मंच पर स्थानीय कलाकारों द्वारा राम रावण संवाद एवं युद्ध का आकर्षक मंचन प्रस्तुत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति में पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, उपाध्यक्ष के. रविकुमार, पार्षद मनहरण यादव, प्रमोद राजपूत, ओमनारायण वर्मा, थनेश पटेल, पवन अग्रवाल, शीश बंसल, महेश सोनकर , विष्णु देवांगन, नोबल सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अन्य सदस्यों ने अपना योगदान दिया ।
 


अन्य पोस्ट