दुर्ग
दुर्ग, 25 सितंबर। पशुपति डेवलपर्स के संचालक ने एक जमीन को स्वयं की बता कर प्रार्थी को बिक्री करने के लिए इकरारनामा निष्पादित कर लिया और 7 लाख रुपये वसूल लिए । जब प्रार्थी ने रजिस्ट्री करने के लिए कहा तो डेवलपर्स ऑफिस बंद कर फरार हो गया। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने आरोपी संचालक के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक अशीष नगर रिसाली निवासी रविंद्र कुमार पटेल ने पशुपति डेवलपर्स सूर्या अपाटर्मेंट मॉडल टाउन चौक भिलाई के संचालक आरोपी दीपक कुमार थापा से एक जमीन का सौदा किया। आरोपी संचालक दीपक कुमार ने जेवरा सिरसा शिवनाथ नदी रोड स्थित एक जमीन को स्वयं की बताकर प्रार्थी से बिक्री के लिए करारनामा निष्पादित किया।
उक्त जमीन के बदले प्रार्थी रविंद्र कुमार पटेल ने 11 जुलाई 2018 को 50000 रुपये नगद, दिसंबर 2018 में ढाई लाख रुपए नगद, उसके बाद 3 लाख रुपये नकद तथा 1 लाख रुपये बैंक खाता से दीपक कुमार थापा को दिया। जब रजिस्ट्री करने की बारी आई तब आरोपी संचालक ने ऑफिस को ताला लगा दिया और फरार हो गया।