दुर्ग

एक ही गांव के दो युवकों ने की खुदकुशी, कारण तलाश रही पुलिस
19-Sep-2022 1:55 PM
एक ही गांव के दो युवकों ने की खुदकुशी, कारण तलाश रही पुलिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग /भिलाई नगर, 19 सितंबर।
दुर्ग जिला में एक ही गांव के दो युवकों द्वारा फांसी लगा खुदकुशी कर लेने से वहां मातम पसरा हुआ है। दो अलग-अलग परिवार के इन युवकों ने ऐसा कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी तफ्तीश में जुटी हुई है। फिलहाल मर्ग कायम कर परिजनों का बयान लिया जा रहा है।

ग्राम मोहलई में रविवार को दो अलग-अलग घरों में युवक फंदे पर झूल गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

कल ही पुलिस को सूचना मिली कि मोहलाई निवासी आकाश देवदीप राजपूत पिता संतोष सिंह राजपूत (25 वर्ष) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इससे पहले की पुलिस की टीम गांव में पहुंचती, सूचना मिली कि उसी गांव के रहने वाले नागेश पटेल पिता गुहरी लाल पटेल (21 वर्ष) ने भी अपने घर में फांसी लगा ली है।

एक ही समय में एक गांव में दो अलग-अलग घरों में युवकों द्वारा खुदकुशी करने से गांव में मातम पसर गया। जब पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची तो पता चला कि दोनों घटनाओं में कोई संबंध नहीं बल्कि यह अचानक एक साथ ही घटी दो अलग-अलग घटनाएं हैं।

पुलिस ने बताया कि देवदीप दोना पत्तल बनाने का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक वह पिछले एक हफ्ते से काफी गुमसुम रहने लगा था और किसी से बातचीत नहीं करता था। उसने किसी को इसका कारण नहीं बताया। नागेश तीन बहनों में अकेला भाई था। उसके पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। नागेश पढ़ाई लिखाई छोडक़र काम पर जाता था।
 


अन्य पोस्ट