दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 सितंबर। शुक्रवार की दोपहर को घर से खाना खाकर किराना दुकान जा रहे युवक की साइकिल को अपचारी बालकों ने लूट लिया। पुलिस टीम को सूचना मिलते ही कुछ ही देर के भीतर पुलिस ने दो अपचारी बालक को पकड़ लिया, वहीं एक बालक भाग निकला। खुर्सीपार पुलिस के मुताबिक शंकर पारा न्यू खुर्सीपार निवासी प्रार्थी श्याम कुमार साहू अपनी हरक्यूलिस साइकिल पर सवार होकर दोपहर 3.30 बजे अपने घर से खाना खाकर चिरंजीवी किराना स्टोर्स सुभाष मार्केट जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे दो नाबालिग बालकों ने रोका और उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद दोनों बालक उसकी साइकिल लेकर भाग निकले। प्रार्थी ने इसकी जानकारी तुरंत खुर्सीपार थाना में दी। खुर्सीपार थाना प्रभारी विरेंद्र श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस की टीम ने प्रार्थी को साथ में लिया और आरोपियों की खोज में जुट गए। मिलावट पारा के पास दो लडक़े प्रार्थी की साइकिल चलाते हुए जाते दिखेए वहीं एक लडक़ा साइकिल के पीछे पीछे दौड़ रहा था। पुलिस को देखते ही एक बालक वहां से भाग निकला।