दुर्ग
एक माह तक प्रत्येक मंगलवार-शुक्रवार को किया जाएगा टीकाकरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 सितंबर। बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला चिकित्सालय में शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत 14 अक्टूबर तक विशेष सत्र में नियमित टीकाकरण के साथ ही विटामिन ए और आईएफए का सिरप बच्चों को पिलाया जाएगा। वहीं गर्भवती माताओं की जांच व टीकाकरण, पोषण आहार सलाह व अति गंभीर कुपोषित बच्चों को खोजकर एनआरसी रिफर किया जाएगा।
कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन व दिशा-निर्देश पर 13 सितंबर से शुरू किए गए शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक अरूण वोरा ने बच्चों को विटामिन-ए सिरप और आईएफए (आयरन फोलिक एसिड) पिलाकर की। वहीं महापौर दुर्ग धीरज बाकलीवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी मेश्राम ने बताया: श्शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रेरक गतिविधियां की जाएंगी। विशेषकर 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक 6 माह में 1 बार विटामिन ए सिरप तथा 6 माह से 5 वर्ष के बच्चों को प्रत्येक सप्ताह में 2 बार आईएफए (आयरन फोलिक एसिड) सिरप पिलाई जाएगी। शिशु संरक्षण माह को सफल बनाने हेतु कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देश पर व्यवस्थित कार्ययोजना व ड्यू लिस्ट तैयार कर जिला स्तर पर मॉनिटरिंग टीम का गठन किया गया है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन को भ्रमण कर मोबिलाईज करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को इस अभियान में सम्मिलित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला अस्पताल में शिशु संरक्षण माह के उद्धाटन अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. वाईके शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आरके खंडेलवाल, आरएमओ डॉ. अखिलेश यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पदमाकर शिंदे एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित थे।
...इसलिए जरूरी है विटामिन ए और आईएफए सिरप
विटामिन ए से भरपूर भोजन का नियमित सेवन हमारे शरीर के समुचित कार्य और विकास में मदद करता है, जो हमारी त्वचा, आंखों और दांतों के स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करता है। विटामिन ए हड्डियों के विकास को बढ़ावा देता है। बीमारियों से लड़ता है और रोग प्रतिरोधक प्रणाली को भी मजबूत बनाता है। इसके अलावा यह शिशु को संक्रमण से लडऩेए नेत्रों की रोशनी को स्वस्थ रखने, और मजबूत दांत पाने में मदद करता है। वहीं आईएफए शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर सही रखता है।
हिमोग्लोबिन के लिए शरीर में आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन सी, प्रोटीन और विटामिन बी-12 की मात्रा ठीक होनी चाहिए। ये शरीर के जरूरी तत्व हैं और इनमें से किसी को भी शरीर खुद नहीं बना सकता। अगर भोजन में इनमें से किसी भी तत्व की कमी हो तो शरीर में हीमोग्लोबिन कम हो जाता है और शरीर में पीलापन आ जाता है। इन सब कमी को दूर करने के लिए बच्चों को आईएफए दिया जाता है, ताकि बच्चों में रोगों से लडऩे की क्षमता और शरीर में हुए विटामिन की कमी को पूरा किया जाए।