दुर्ग

ब्रेक डांस झूला से गिरा युवक गंभीर, आयोजन कमेटियों पर सख्त होगा प्रशासन
10-Sep-2022 2:36 PM
ब्रेक डांस झूला से गिरा युवक गंभीर, आयोजन कमेटियों पर सख्त होगा प्रशासन

भिलाई नगर, 10 सितंबर। गूरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात टाऊनशिप के सेक्टर-1 गणेश पंडाल के पास रायपुर से आया युवक सेल्फी लेने के चक्कर में ब्रेक डांस झूले से गिरकर बुरी तरह घायल हो गया है। देर रात इस घटना में घायल युवक को गंभीर हालत में शहर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उसका उपचार जारी है।  इस संबंध में एडीएम श्रीमती पद्मिनी भाई साहू ने बताया कि इस पूरे मामले में जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि युवक इस हालत में ही नहीं था कि वह झूले में चढ़ सके फिर इन परिस्थितियों में उसे कैसे चढऩे दिया गया।

भट्टी पुलिस के द्वारा इस मामले में जांच प्रारंभ कर दी गई है। विदित हो कि नवरात्रि उत्सव के दौरान भी शहर भर में समितियों के द्वारा आयोजन स्थल पर इसी प्रकार से झूले लगाए जाने हैं। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने की संभावनाओं को देखते हुए सुरक्षा मापदंडों का पूरी तरह से पालन कराना भी सुनिश्चित किया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार रायपुर तेलीबांधा निवासी विनय तुलानी (29 वर्ष) अपने दो दोस्तों के साथ कल रात गणेश देखने भिलाई पहुंचा था। रात 12 से 1 बजे के बीच वह ब्रेक डांस झूला झूलने के लिए पहुंचा और वहां नंबर आते ही जैसे ही सवार होने के बाद झूला शुरू हुआ वह सेफ्टी लॉक खोलकर खड़ा हो सेल्फी लेने लगा। झूला तेज होने और झटके लगने से वह गिर गया और उसके सिर, हाथ पैर में काफी चोटें आई हैं।

सेक्टर-1 गणेश उत्सव समिति के महासचिव धन्नू मिश्रा ने बताया कि उन्होंने ब्रेक डांस झूले वाले से घटना के बारे में जानकारी ली। उसने बताया कि युवक शराब के नशे में भी था। ब्रेक डांस झूला शुरू होते ही वह लॉक खोलकर खड़ा हो गया । जिसकी वजह से गिर गया और सिर पर गहरी चोट लगी है। दुर्घटना के बाद तुरंत 112 को फोन कर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।  

बताया जा रहा है कि घायल विनय तूलानी पिता श्याम तूलानी 29 वर्ष शराब के नशे में था। उसे एक बार झूले वाले ने झूले से उतारा भी था। इसके बाद युवक जिद करके ब्रेक डांस झूले में दूसरी बार चढ़ा और दुर्घटना हो गई। यदि युवक नशे में था और एक बार उसे झूलने से मना किया गया तो दूसरी बार क्यों चढऩे दिया गया? एक नशे की हालत में पहुंचा युवक इतनी जिद कैसे कर सकता है कि समिति वाले उसकी जान जोखिम में डालकर झूलने की अनुमित दे दें? इसके अलावा  झूला झूलने के लिए झूला संचालक के द्वारा निर्धारित दर का भुगतान करने के पश्चात ही कोई भी व्यक्ति झूले में प्रवेश कर सकता है बिना भुगतान किए प्रवेश नहीं कर सकता है यदि झूले संचालक को ज्ञात था कि यह व्यक्ति शराब के नशे में है तो उसके द्वारा उसे झूले में जाने की परमिशन क्यों दी गई।

गणेश उत्सव के दौरान समितियां किराया लेकर गणेश उत्सव के दौरान झूले वालों को जगह देती हैं, झूला लगा तो लेते हैं लेकिन कहीं भी प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था का कोई इंतजाम नहीं रहता है। सेक्टर 1 की घटना में ऐसा ही हुआ। युवक का सिर फट गया, काफी खून बह रहा था लेकिन न तो समिति और न झूला आयोजक के पास प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था थी। जब तक 112 की टीम पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, घायल का काफी खून बह गया था और वह जिंदगी और मौत के बीच आईसीयू में संघर्ष कर रहा है।


अन्य पोस्ट