दुर्ग

कारोबारी से 29 लाख की ठगी, लोहे से जुडा़ है मामला, पुलिस जाँच जारी
07-Sep-2022 6:47 PM
कारोबारी से  29 लाख की ठगी, लोहे से जुडा़ है मामला, पुलिस जाँच जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 7 सितंबर। दुर्ग के ठेकेदार ने खुर्सीपार के एक लोहा व्यापारी से 29 लाख रुपए का लोहा खरीदा और उसके रुपए नहीं दिए, बाद में एक ऐसे खाते का चेक व्यापारी को पकड़ा दिया जिसमें पैसे ही नहीं थे। इस मामले में व्यापारी की शिकायत पर खुर्सीपार पुलिस ने दुर्ग के ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। खुर्सीपार थाना प्रभारी ने बताया कि सुंदर नगर निवासी दिनकर बासोतिया का खुर्सीपार तेलहा नाला के पास डीबी कमर्शियल कंपनी के नाम से कारोबार है जहां लोहा विक्रय का काम होता है। दिनकर ने शिकायत में बताया कि विगत कई वर्षो से पूजा कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक एलआईजी 253, पद्मनाभपुर निवासी अनिल शर्मा उनकी कंपनी से लोहा खरीदता रहा है। 10 सितंबर 2020 से 6 सितंबर 2022 बीच अनिल कुमार शर्मा ने 28 लाख 86 हजार 81 रुपए का लोहा खरीदा। दिनकर ने बताया कि लोहा लेने के बाद अब तक उक्त रकम नहीं दी है। रुपए मांगने पर अनिल शर्मा ने एक चेक दिया। जिस खाता का चेक था उसमें रुपए नहीं थे। जब इसकी जानकारी लेने उसके घर पहुंचे तो पता चला कि वह अपने घर व दफ्तर में ताला लगाकर भाग गया है। अनिल शर्मा का कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर, धमधा रोड, दुर्ग में स्थित है। घर और कार्यालय में ताला लगाकर वह भाग गया है।

अनिल शर्मा ने आकर उससे कहा था कि लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी को छत्तीसगढ में अमृत मिशन के निर्माण कार्य करने का टेंडर मिला है। इसके लिए काफी लोहे की जरूरत बताई। ऑर्डर के अनुसार लोहा सप्लाई किया लेकिन अब उसका पैसा नहीं मिल रहा है। खुर्सीपार पुलिस ने शिकायत के बाद अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट