दुर्ग

भिलाई नगर विधायक के खिलाफ पार्षदों ने खोला मोर्चा
04-Sep-2022 3:38 PM
भिलाई नगर विधायक के खिलाफ पार्षदों ने खोला मोर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 सितंबर।
भिलाई विधायक देवेंद्र यादव द्वारा खुर्सीपार में निर्मित हाट बाजार को लेकर आज एक वक्तव्य जारी किया गया है कि उसका निर्माण उनके विधायक बनने के बाद स्थानीय लोगों की मांग पर किया गया है। जिसको लेकर भाजपा पार्षदों ने आज उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा, विनोद सिंह, श्यामसुंदर राव, श्रीमती सरिता बघेल, पूर्व पार्षद जोगिंदर शर्मा, जयशंकर चौधरी ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए विधायक के इस वक्तव्य को झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस कार्य का कार्यादेश ही उनके विधायक बनने के पूर्व जनवरी 2018 में जारी किया जा चुका था, उसके निर्माण के लिए वो कैसे प्रयास कर सकते हैं।

भाजपा नेताओं ने बताया कि इस कार्य की स्वीकृति वर्ष 2014 में ही तत्कालीन भाजपा सरकार द्वारा स्मृति नगर में  निर्माण के लिए दी जा चुकी थी। जिसके बाद तत्कालीन मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय के खुर्सीपार दौरे के दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने स्थल परिवर्तन कर खुर्सीपार में इसके निर्माण के लिए स्वीकृति कराई। जिसके बाद निगम द्वारा जनवरी 2018 में इसके लिए कार्यादेश जारी किया गया था।

भाजपा नेताओं ने बताया कि वर्तमान विधायक उस दौरान महापौर हुआ करते थे औऱ तब भी वे भाजपा सरकार के द्वारा किये गये कार्यों को ही अपना बताकर श्रेय लेने का प्रयास करते रहते थे और यह क्रम भी आज भी जारी है।


अन्य पोस्ट