दुर्ग

शिक्षकों और बच्चों ने जाना बीएसएफ का इतिहास और युद्धकौशल
04-Sep-2022 3:05 PM
शिक्षकों और बच्चों ने जाना बीएसएफ का इतिहास और युद्धकौशल

बीएसपी स्कूल में मनाया शिक्षक दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 सितंबर।
सीमा सुरक्षा बल के जवान एक ओर जहां अपनी जान की परवाह किये बगैर नक्सल के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाकर देश को नक्सल मुक्त बनाने में लगे हैं, साथ ही अपने कर्तव्य से लोगों के दिलों में सुरक्षा की भावना पैदा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभा रहे हैं, और अपने सामाजिक कार्य द्वारा बल का नाम रौशन कर रहे हैं।

इसी क्रम में शिक्षकों के सम्मान में शनिवार को इंदराज सिंह, महानिरीक्षक, सीमा सुरक्षा बल सामरिक मुख्यालय (विशेष संकिया) छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर- 10, भिलाई में सीमा सुरक्षा बल सामरिक मुख्यालय के द्वारा शिक्षक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी, अधिनस्थ अधिकारी, जवान एवं बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों के द्वारा मुख्य अतिथि को फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया, तत्पश्चात स्कूली बच्चों के द्वारा मुख्य अतिथि के सम्मान में स्वागत गीत गाया गया। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका  सुमिता सरकार ने स्वागत सम्बोधन में विद्यालय के बारे में परिचय दिया।

मुख्य अतिथि समन्द्र सिंह डबास, उपमहानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल सामरिक मुख्यालय (विशेष संकिया) छत्तीसगढ़ ने गुरु महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि गुरु की महिमा सारे जगत में अपार है, जिसका कोई अंत नहीं है, गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति नहीं हो सकती, गुरु की दी हुई शिक्षा से ही हम अपने जीवन को प्रकाशित कर सफल बना सकते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सीमा सुरक्षाबल के इतिहास, सफलताओं एवं उत्कृष्ट योगदान के बारे में बताया गया। उन्हें सीमा सुरक्षा बल में चयन प्रक्रिया, फायदों एवं तनख्वाह आधार के बारे में बताया गया, ताकि छात्रों का सीमा सुरक्षा बल के प्रति रूझान बना रहे।

अंत में शिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया गया, साथ ही बच्चों को उपहार एवं मिष्ठान वितरित किया गया।


अन्य पोस्ट