दुर्ग

एमआईसी मेम्बर और वरिष्ठ पार्षद को परिवार सहित मारने की धमकी
01-Sep-2022 4:28 PM
एमआईसी मेम्बर और वरिष्ठ पार्षद को परिवार सहित मारने की धमकी

5 लाख मांग रहा है आरोपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 सितंबर।
निगम में एमआईसी सदस्य और सेक्टर-7 क्षेत्र से चौथी बार पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने उस पर हमला, ब्लैकमेल और धमकी भरे मैसेज करने की शिकायत पुलिस से की है। पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड में बी नागेश्वर राव उर्फ नागू लगातार 5 लाख रूपये की मांग कर रहा है तथा उन्हें धमका रहा है।

नागेश्वर राव ने उन पर सेक्टर-7 तालाब के सौंदर्यीकरण में लाखों रुपए की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए 5 लाख रुपए की मांग की है और रुपए देने से मना करने पर चाकू लेकर हमला करने की कोशिश की। इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर भिलाई नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भिलाई नगर थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि सेक्टर-2 सडक़-18 चर्टर नंबर 10/बी निवासी लक्ष्मीपति राजू (51 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है जिसमें बताया गया है कि बी नागेश्वर राव ने उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। 27 अगस्त की शाम 5 बजे वो सेक्टर-7 तालाब के पास बैठे थे तभी नागेश्वर राव आया और बोला कि तुमने सेक्टर 7 तालाब का सौंदर्यीकरण कराया। इस काम में तुमने लाखों रुपये की कमाई की है। उन रुपयों में से 5 लाख रुपये मुझे दो। उसने धमकी दी कि यदि रुपए नहीं दिए तो वो उनके पूरे परिवार को जान से मार देगा। इतना ही नहीं उसने कांग्रेस नेता की बेटी को बदनाम करने की धमकी भी दी। घटना के दूसरे दिन 28 अगस्त को बी नागेश्वर राव ने मोबाइल पर धमकी दी।

नागेश्वर राव ने गुस्से में अपने पास रखे चाकू को निकाला और उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों को आता देख वो वहां से भाग गया। शिकायत बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पार्षद राजू ने बताया कि आरोपी ने इससे पूर्व भी पैसों की मांग करते हुए उसके परिवार को लेकर धमकी भरा मैसेज दिया था। लक्ष्मीपति का आरोप है कि नागेश्वर राव लगातार उसे किसी न किसी माध्यम से बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। वह ऐसा करके उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।


अन्य पोस्ट