दुर्ग
शिक्षा विभाग को नींद से जगाने छात्र मंच ने किया अनोखा प्रदर्शन
सिटी, ढफली, शंख बजाते सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 27 अगस्त। दुर्ग के शालेय शिक्षा विभाग में छात्र-छात्राओं ने कल अनोखा प्रदर्शन किया। जिसका नेतृत्व हिन्दू युवा छात्र मंच ने किया। विद्यार्थियों ने शिक्षा अधिकारी को निद्रा से जगाने प्रदर्शन में सनातन संस्कृति के अनुरूप शंखनाद तो किया ही, साथ ही सिटी और ढफली बजाकर कड़ा विरोध जताया है। इस दौरान जिला शिक्षाधिकारी की गुमशुदगी का पोस्टर लेकर विद्यार्थी पहुँचे और जमकर नारेबाजी की। विभाग में हुई तमाम धांधली और भ्रष्टाचार के विरोध में जिम्मेदारों के नाम ज्ञापन सौंपा गया है।
गौरतलब हो कि हिन्दू युवा मंच की छात्र इकाई ने शुक्रवार को दुर्ग के जिला शिक्षा विभाग के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया है। छात्र मंच के प्रचार-प्रसार प्रभारी प्रिंस तिवारी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वाकांक्षी योजना शासकीय स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में बीते दिनों धांधली हुई है। योजना के तहत जिले के स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति से लेकर विद्यार्थियों के दाखिले तक में भ्रष्टाचार हुए हैं। अपात्र लोगों को नियम ताक पर रखकर स्थान दिया गया जिनकी वजह से जरूरतमंद और पात्र उम्मीदवार योजना से वंचित हैं। इस मामले में विभाग के संलिप्त अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए अन्यथा छात्र शीघ्र की उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान निजी स्कूलों की मनमानी पर भी अंकुश लगाने की चेतावनी दी गई है।
प्रदर्शन में संगठन प्रमुख गोविंदराज नायडू, महामंत्री राजेश शर्मा, छात्र मंच के प्रदेश प्रभारी श्रीकुमार नायर, जिला प्रभारी आलोक खापर्डे, कार्यक्रम प्रभारी अमिताभ वर्मा, जिला संयोजक शिबू सोनी, महामंत्री शिवम मिश्रा, सहसंयोजक नीरज देवांगन, सानिध्य चंद्राकर, राज गुप्ता, रोशन राजपूत, योमेश सोनी, ओमप्रकाश साहू, देवेंद्र साहू, खेमलाल सेन, यश गुप्ता, कृष्णा चौहान, शीतल सागरवंशी, कृषभ दास, बलराम पांडे, अंकित दुबे, निरंजन सिंह राजपूत, पंकज चौधरी, जग्गू ठाकुर, तुषार सिंह राजपूत, राम देवांगन, दल्लू यादव, राजा बैरागी, टीकू निषाद, विकास तांडी सहित अन्य बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।