दुर्ग

30 लाख में दो दुकान बेचने के एक साल बाद भी दस्तावेज में क्रेता का नाम नहीं-महिला के खिलाफ चार सौ बीसी दर्ज
23-Aug-2022 9:09 AM
30 लाख में दो दुकान बेचने के एक साल बाद भी दस्तावेज में क्रेता का नाम नहीं-महिला के खिलाफ चार सौ बीसी दर्ज

भिलाई नगर, 23 अगस्त। टाऊनशिप के जोनल मार्केट सेक्टर 10 में शांति नगर निवासी महिला द्वारा स्वयं के स्वामित्व की दो दुकानों का विक्रय का सौदा कर 30 लाख 40 हजार रुपए प्राप्त करने के बावजूद खरीदार को 1 वर्ष बीतने के बाद भी दुकान नहीं सौंपी और न ही दस्तावेजों में खरीददार के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर नेवई पुलिस द्वारा आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है। 

नेवई पुलिस ने बताया कि प्रशान्त जैन पिता एससी जैन निवासी प्लाट-31 सड़क 3-एच प्रगति नगर रिसाली, भिलाई इस्पात संयंत्र कर्मी हैं। मकान पर लोन एवं रिश्तेदारों से कर्ज लेकर उन्होंने सेक्टर 10 जोनल मार्केट भिलाई  शाप नंबर 332 क्षेत्रफल 450 वर्गफीट एवं शाप नंबर 333 क्षेत्रफल 450 वर्गफीट लीज श्रीमती ज्योति सिंह पति राकेश सिंह निवासी राजेन्द्र प्रसाद चौक शांति नगर सुपेला के स्वामित्व भिलाई इस्पात संयंत्र परिक्षेत्र में उक्त दोनों शाॅप का सौदा 30 लाख रूपये में किया गया। संजय जैन एवं श्रेयांश जैन के माध्यम से 15 जनवरी 2021 को बतौर बयाना 24 लाख 40,000 रूपये चेक, आरटीजीएस एवं कैश के माध्यम से अपने निज निवास प्रगति नगर रिसाली भिलाई में 15 जनवरी 2021 को दोपहर करीब 03-00 बजे दिया गया। श्रीमती ज्योति सिंह के  कहे अनुसार 28 जून 2021 को 6 लाख रूपये उसके पुत्र विशाल सिंह के आईसीआईसीआई बैंक शाखा सुपेला के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से जमा कराया गया। समय सीमा के भीतर सौदा की सम्पूर्ण राशि की अदायगी करने के बावजूद विगत एक वर्ष से अधिक समय से श्रीमती ज्योति सिंह एवं पुत्र विशाल सिंह से सौदा की गयी शाॅप को प्रशांत जैन के नाम ट्रांसफर नहीं किया गया। श्रीमती ज्योति सिंह के द्वारा विगत 1 वर्ष से दोनों ही दुकानों के नाम पर सौदे की राशि लेने के बावजूद प्रशांत जैन के साथ धोखाधड़ी की गई है। परेशान होकर प्रशांत जैन के द्वारा अधिवक्ता के माध्यम से श्रीमती ज्योति सिंह को नोटिस भी भिजवाया गया परंतु अभी तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। उनके द्वारा जानबुझ कर टाल मटोल कर हीला हवाला किया जा रहा है जिसकी वजह से विक्रेता का आचरण संदेहास्पद प्रतीत होने पर से प्रशांत ने मय दस्तावेज नेवई थाना में आरोपी श्रीमती ज्योति सिंह पति स्वर्गीय राकेश सिंह निवासी राजेंद्र प्रसाद चौक शांति नगर के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध दर्ज कराया गया है।


अन्य पोस्ट