दुर्ग
17 दिन बाद गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 अगस्त। थाना अमलेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत शराब पीकर मारपीट करने वाले पुत्र को छोटे भाई एवं मां के द्वारा गला घोंट कर मार दिया गया था। दोनों ही आरोपियों ने इस हत्याकांड को सामान्य मौत दिखाने का प्रयास भी किया लेकिन घटना के 17 दिन बाद अमलेश्वर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया हालांकि हत्याकांड की रिपोर्ट भी आरोपी के द्वारा ही की गई थी।
एसडीओपी देवांश सिंह ठाकुर ने बताया कि 4 अगस्त को सतीश ठाकुर (19 वर्ष) निवासी ग्राम झीट ने आकर थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा भाई लोकेश्वर ठाकुर जो घर में सोया था, जब 3 अगस्त की शाम को 7 बजे उसकी मां संतोषी ठाकुर घर आई और लोकेश्वर को चाय के लिये उठाया तो वह नहीं उठा। आस पास के लोगों को बुलाकर देखने पर वह मरा पडा़ था। थाना अमलेश्वर में मर्ग कायम कर जांच कार्यवाही प्रारंभ की गई।
17 अगस्त को मृतक लोकेश्वर की पीएम रिपोर्ट मिलने पर डाक्टर ने अपने निष्कर्ष में मौत गला घोटने से होना लेख किये जाने पर थाना अमलेश्वर में धारा 302 के तहत जुर्म कायम किया गया। संदेह के आधार पर मृतक की मां संतोषी ठाकुर व भाई सतीश ठाकुर से पूछताछ की गई, पर दोनों ने बताया कि घटना दिनांक को लोकेश्वर प्रसाद शराब पीकर घर आया था। दिन में लगभग 1:30 बजे संतोषी खाना बनाने घर आई और कुछ देर बाद सतीश ठाकुर घर आया तो घर में लोकेश्वर माँ से गाली गलौज मारपीट कर रहा था। खाना बनाने के बाद संतोषी बाई ठाकुर एवं सतीश ठाकुर खाना खा रहे थे तभी लोकेश्वर ने सब्जी रखी कढ़ाई को आंगन में फेंक दिया और गाली गलौज करने लगा। आरोपी एवं मृतक के बीच झूमा झपटी मारपीट हुई तो आरोपिया ने मृतक के गले को पकडक़र जमीन पर गिरा दिया और गला दबा दी जिससे मृतक बेहोश होकर मर गया।
डर के कारण संतोषी ने सतीश ठाकुर के साथ मिलकर मृतक को उसके कमरा में लिटा दिया और 3 बजे घर के सामने दरवाजे में ताला लगाकर खेत चले गये। शाम करीब 7 बजे घर वापस आए चाय बनाई और जान बूझ कर चाय पीने के लिये लोकेश्वर प्रसाद को उठाने का बहाना करते हुए हल्ला कर आस-पास के लोगों को इक_ा किया और उसकी मृत्यु हो जाने से दूसरे दिन थाना में रिपोर्ट लिखाने आए। संतोषी बाई ठाकुर तथा सतीश ने मिलकर लोकेश्वर प्रसाद का गला दबाकर हत्या करना कबूल किया। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।