दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अगस्त। अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ से कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष, हिन्द सेना महिला ब्रिगेड की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गुजरात विधानसभा चुनाव में अहमदाबाद लोकसभा की मुख्य पर्यवेक्षक रत्नावली कौशल आज नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भारत रत्न स्व. प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुई।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा के नेतृत्व में नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में राजीव गांधी की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की चुनिंदा महिला जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस नेत्री ने शिरकत की है।
सर्वप्रथम उपस्थित महिला कांग्रेस नेत्रियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा के नेतृत्व में राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। यह कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त बनाने तथा पंचायतों एवं नगरीय निकायों में उनकी भागीदारी और बढ़ाने के विषय पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम में सपोर्ट टीम फॉर रिलीफ इमरजेंसी एम्पावरमेंट टोल फ्री नंबर भी लॉन्च किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए हर वर्ष 20 अगस्त को महिला राजनीतिक सशक्तिकरण दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रत्नावली ने कहा कि पं. नेहरू, स्व. इंदिरा गांधी के पदचिन्हों पर चलते हुए राजीव जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए थे। उनके जो सपने अधूरे रह गए हैं, उन्हें पूरा करने की जिम्मेदारी हम सभी महिलाओं की है। स्व. राजीव जी ने आधुनिक भारत के निर्माण में अग्रणी योगदान दिया। कंप्यूटर क्रांति और राजनीति समेत अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं की अतुलनीय भागीदारी राजीव जी की ही देन है। राजीव जी एवं कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व की मंशानुरूप छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश की महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। आज छत्तीसगढ़ की महिलाएं राजनीति, समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग समेत तमाम क्षेत्रों में अपना दमखम दिखा रही है। भूपेश सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं के दम पर छत्तीसगढ़ की महिलाएं तेजी से आत्मनिर्भर बनती जा रही हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम के मार्गदर्शन में महिला कांग्रेस की टीम राज्य में महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें सशक्त बनाने सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में जमीनी स्तर पर काम कर रही है। नारी शक्ति को और भी सशक्त बना कर ही हम राजीवजी को सच्ची श्रद्धांजलि दे पाएंगे। सुश्री डिसूजा द्वारा तय की गई थीम के अनुरूप आपात परिस्थितियों में फँसी महिलाओं की मदद तथा महिला सशक्तिकरण के लिए कांग्रेस टीम तन, मन, धन से काम करेगी।