दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अगस्त। कुम्हारी थानांतर्गत उरला गांव में छात्रा की मौत के बाद ड्राइवर को बुरी तरह मारने वाले 54 लोगों के खिलाफ तथा हादसे बाद नेशनल हाईवे पर हंगामा कर 9 घंटे आवागमन रोकने वाले 120 लोगों पर अपराध दर्ज कर लिया गया है।
कुम्हारी पुलिस द्वारा 14 नामजद सहित 54 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत जुर्म दर्ज करने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया है। उनका आरोप है कि उन पर लाठियां बरसाई गईं और कोई नेता, मंत्री उनकी सुध लेने और न्याय दिलाने नहीं आए, वहीं मिक्सर मशीन चलाने वाले हसमत शेख ने कुम्हारी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
गृह मंत्री ने ली जानकारी, सांसद ने कहा-मामले की जांच हो
मामले को तूल पकड़ता देख गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने पूरी जानकारी लेते हुए रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी के पास हुए इस सडक़ हादसे में छात्रा खुशी साहू के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
दु:ख में डूबे परिवार का कहना है कि उनकी बेटी की हादसे में मौत हो गई, मुआवजा की मांग की गई तो पुलिस ने लाठियों से मारा। ग्रामीणों का कहना है कि उरला दुर्ग सांसद विजय बघेल का पैतृक गांव है। वह यहां मिलने तक नहीं आए।
दूसरी तरफ, दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया है। सांसद विजय बघेल ने बताया कि उन्होंने दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव से इस संबंध में बात की है। एसपी ने बताया कि वह लोग लडक़ी के घर एक लाख रुपए नगद व 4 लाख का चेक देने गए थे, वहां लोगों ने उनके ऊपर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, इसलिए खुद के बचाव के लिए लाठी चलाकर उन्हें डराया गया है। लाठी चार्ज की बात गलत है।
सांसद ने यह भी कहा कि सच्चाई यही है पुलिस ने गांव में लोगों को डंडों से पीटा है, इस मामले की जांच होनी चाहिए। इसके लिए जो भी दोषी हैं, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। इस तरह लाठी से मारना पूरी तरह से गलत है। वो किसी जरूरी काम से गुजरात जा रहे हैं, वहां से लौटकर मामले की जानकारी लेंगे कि मामले में क्या जांच हुई और कार्रवाई हुई।
पेड़ से बांध बुरी तरह मारने लगे थे ग्रामीण, दूसरे ड्रायवरों ने बचाई जान
मिक्सर मशीन चलाने वाला हसमत शेख ने कुम्हारी थाने में पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मिक्सर मशीन रायल इंफ्रा कंपनी उरला के लिए चला रहा था। 18 अगस्त को सुबह 11:30 बजे उसके ट्रक की चपेट में आने से छात्रा खुशी की मौत हो गई। उरला गांव के लोगों ने उसे पकडक़र पेड़ से बांध दिया और बुरी तरह पीटा। यदि उसे समय पर नहीं छुड़ाया जाता तो लोग उसे मार डालते। लोगों के मारने से उसकी बाईं आंख, सिर, गर्दन व हाथ पैर में गंभीर चोटें आई हैं। ड्रायवर के मुताबिक उसकी दूसरे ड्राइवरों ने जान बचाई है।
उसने बताया कि दुर्घटना के बाद करीब 54 लोग एक साथ उसके पास पहुंचे। उसे पकडक़र पेड़ से बांध दिया। इसके बाद वो लोग लाठी-डंडे व लात घूंसे से उसे मारने लगे। यह देख कंपनी के दूसरे वाहन चालक शंकर लाल यादव, नुरशेद आलम, टीका बहादुर राय और संतोष वहां पहुंचे। उन्होंने उन लोगों से बचाया, नहीं तो वो लोग उसकी जान ले लेते।
चौदह लोग नामजद, 30 अन्य आरोपियों की भी होगी पहचान
कुम्हारी पुलिस ने मिक्सर मशीन चालक रॉयल इंफ्ऱा के ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमएन 2460 के ड्राइवर हसमत शेख़ पिता मोहम्मद शेख़ (27 वर्ष) निवासी ग्राम गंगोली दागा कठवा थाना वर्धमान कलकत्ता पश्चिम बंगाल के ऊपर जानलेवा करने की शिकायत पर उरला गांव निवासी अनिल साहू, लोकेश साहू, सोहन लाल साहू, चंद्रप्रकाश साहू, गिरवर साहू, अनिल वर्मा, सोहन साहू, सोमनाथ वर्मा, डिकेन्द्र निर्मलकर, विष्णु देवांगन, पन्ना साहू, संतोष वर्मा, होरी वर्मा व उमेश साहू सहित 14 लोगों के खिलाफ नामजद धारा 294, 506, 323, 147, 307 और 149 के तहत जुर्म दर्ज दर्ज किया है। वहीं नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने के आरोप में नामजद 28 एवं अन्य 80 से 90 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 341, 147, 294 एवं 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
विदित हो कि जंजगिरी पेट्रोल पंप के पास गुरुवार दोपहर फ्लाई ओवर ब्रिज बना रही कंपनी की कंक्रीट मिक्सर मशीन ने नवमी की छात्रा खुशी साहू (15 वर्ष) को कुचल दिया था। खुशी अपनी सहेली के साथ घर से स्कूल जाने के लिए साइकिल से निकली थी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और लोग 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे, लगभग 9 घंटे तक आवागमन अवरूद्ध रहा। बाद में पुलिस प्रशासन का कडा़ रूख और गिरफ्तारी के भय से वो 5 लाख पर माने। फिर देर रात तक उरला गांव पहुंची पुलिस पर पथराव और लाठी चार्ज की घटना सामने आई है। जाम के कारण नेशनल हाईवे रोड पर टाटीबंध रायपुर से लेकर भिलाई पावर हाउस तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
लगातार जिला एवं पुलिस प्रशासन की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारियों के ने आंदोलन जारी रखा और रात तक यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन हिंसा में तब्दील हो गया। वाहन चालक पर ग्रामीणों के द्वारा जानलेवा हमला भी किया गया था। जिसे गंभीर परिस्थितियों में इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया। चक्का जाम हटाने के बाद देर रात्रि ग्राम उरला समझाश के लिए पुलिस पहुंची पर ग्रामीणों के द्वारा पथराव किया गया।