दुर्ग

प्राणघातक हमला, आरोपियों को जेल
05-Aug-2022 9:28 PM
प्राणघातक हमला, आरोपियों को जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 अगस्त।
खाना खाकर रात में घर के पास टहल रहे प्रार्थी एवं उसके दोस्तों के साथ आरोपियों ने पुरानी दुश्मनी को लेकर जमकर मारपीट की। प्रार्थी के 1 साथी पर हथौड़ा, चाकू, स्टील पाइप आदि से वार कर प्राणघातक हमला किया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया। 

पुलिस के मुताबिक मुंबई आवास उरला निवासी रॉबी वासनिक 2 अगस्त की रात लगभग 11 बजे खाना खाकर अपने दोस्त दीपक ठाकुर, अंकित राजपूत एवं राकेश सिन्हा के साथ हनुमान मंदिर चौक के पास मुंबई आवास उरला में टहल रहा था। इसी दौरान आरोपी अवतार मरकाम वहां पर आया और दीपक ठाकुर के साथ पूर्व में हुई किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। 

इस दौरान प्रार्थी के दोस्त अंकित राजपूत एवं राकेश सिन्हा थोड़ा आगे निकलकर खड़े हो गए। दीपक ठाकुर के साथ अवतार मरकाम बहस करने लगा। इसी दौरान वहां पर अमित मरकाम, अभिषेक मरकाम, शिवा मरकाम एवं अन्य व्यक्ति हाथ में स्टील पाइप, हथौड़ा, चाकू आदि हथियार लेकर पहुंचे और दीपक ठाकुर के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। दीपक ठाकुर ने जब इसका विरोध किया तो अमित मरकाम एवं अभिषेक मरकाम बोले कि बहुत गुंडा बनता है। इसको आज खत्म कर देते हैं यह कहकर चाकू से वार करने लगे। 

जब दीपक को बचाने के लिए प्रार्थी व उसके दोस्त आए तो आरोपियों ने उनको भी मार कर भगा दिया। इसके बाद दीपक ठाकुर का चाकू से गला काटने की कोशिश करने लगे। आरोपियों ने दीपक ठाकुर के गले पर वार करने के साथ घुटने पर भी चाकू मारे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले।

प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ  धारा 294, 307, 506 बी, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 
 


अन्य पोस्ट