दुर्ग
दुग, 3 अगस्त। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से संबद्ध शासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश की गति ज्यादा तेज देखने को मिल रही हैं। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि स्नातक स्तर की प्रथम वर्ष के विभिन्न संकायों में प्रवेश के दूसरे दिन तक कुल 10152 विद्यार्थियों ने विभिन्न 146 महाविद्यालयों में प्रवेश लिया है।
इनमें से कुछ विद्यार्थी ऐसे भी है जिनका दस्तावेजों के परीक्षण के पश्चात उन्हें निर्धारित शुल्क जमा करने हेतु महाविद्यालय द्वारा फीस कार्ड जारी कर दिया गया है परन्तु पालकों की सैलरी मिलने में विलंब के कारण उन्होंने महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क जमा नहीं किया है। इन विद्यार्थियों को शुल्क जमा करने हेतु 3 दिन का समय दिया गया है।
विभिन्न महाविद्यालयों द्वारा विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराये गये आंकड़ों के मुताबिक अब तक स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेशित कुल 10152 विद्यार्थियों में से शासकीय महाविद्यालयों में 7975 विद्यार्थी तथा निजी महाविद्यालयों में 2177 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। प्रथम सूची में प्रवेश की अंतिम तिथि 8 अगस्त के समाप्त होने के पश्चात महाविद्यालयों द्वारा प्राप्त शेष आवेदनों में से द्वितीय सूची जारी की जाएगी। शेष बचे विद्यार्थियों की प्रवेश प्रावीण्य सूची 10 अगस्त को जारी करेंगे। इस द्वितीय सूची वाले विद्यार्थियों को 16 अगस्त तक प्रवेश लेने की पात्रता होगी।