दुर्ग

3 घंटों की मूसलाधार से शहर में जगह-जगह जल भराव
24-Jul-2022 3:14 PM
3 घंटों की मूसलाधार से शहर में जगह-जगह जल भराव

छाता लेकर निकले विधायक वोरा, व्यवस्था बढ़ाने दिए निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 जुलाई।
कल लगातार तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश से दुर्ग शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। नाले और नालियों की सफाई के बावजूद अधिकांश  बस्तियों और कालोनियों में पानी भरने की शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने शहर के प्रभावित इलाकों का दौरा किया।

पूर्व विधायक प्रदीप चौबे के निवास के चारों ओर पानी भरने की जानकारी मिलने पर वोरा केलाबाड़ी पहुंचे। यहां सडक़ों व गलियों में  पानी भर जाने के कारण कई वाहन चालक सडक़ पर ही गिर गए। वोरा ने इस मामले को लेकर कलेक्टर से फोन पर चर्चा करते हुए तत्काल  व्यवस्था दुरुस्त करने कहा। उन्होंने आपदा प्रबंधन, निगम एवं जिला प्रसाशन से जलभराव को गंभीरता से लेने का निर्देश देते हुए कहा कि, निगम द्वारा ड्रेनेज व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए व एसडीआरएफ एवं जिला प्रसाशन शिवनाथ के तट एवं एनीकट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा कर जल स्तर पर सतत निगरानी रखे। उन्होंने कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा एवं निगम आयुक्त से भी चर्चा कर स्थिति की जानकारी दी।

वोरा ने कहा कि नागरिकों के घर पर पानी भरने की नौबत आने पर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने जुट जाएं। वोरा ने नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और इनके आसपास के इलाकों में पानी भरने या बाढ़ जैसे हालात होने पर तत्काल आपदा प्रबंधन की चाक चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये हैं। वोरा के शहर भ्रमण के दौरान नंदू महोबिया, संदीप वोरा भी  मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट