दुर्ग

राजनांदगांव के बैराजों से छोड़ा गया 16 हजार क्यूसेक पानी
19-Jul-2022 3:35 PM
राजनांदगांव के बैराजों से छोड़ा गया 16 हजार क्यूसेक पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जुलाई।
विभिन्न जलाशयों के कैचमेंट एरिया में जोरदार बारिश हुई है। इसकी वजह से एक ही दिन में जलाशयों के जलभराव में 8 से 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राजनांदगांव जिले घुमरिया, सूखानाला एवं मोंगरा बैराज से आज 16 हजार क्यूसेक पानी शिवनाथ में छोड़ा गया, इससे शिवनाथ भी उफान पर है।

जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव जिले के बैराजों से पहले 16000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद 12000 क्यूसेक कर दिया गया। जिले में भी पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश हो रही है। इससे यहां शिवनाथ नदी उफान पर है। महमरा एनीकट के लगभग 11 फीट ऊपर से पानी का बहाव हो रहा है। जिले में सभी एनीकट के ऊपर से आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध है। जलाशयों में जबरदस्त पानी का आवक हो रहा है। तांदुला जलाशय में रविवार तक कुल क्षमता का 50 प्रतिशत जलभराव हुआ था जो एक ही दिन में बढक़र 58 प्रतिशत तक पहुंच गया। वहीं खरखरा में 56 से बढक़र 68 प्रतिशत जलभराव हो गया है। तांदुला से जिले के किसानों की सिंचाई तथा खरखरा से जिले के प्रमुख नगरीय निकायों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है।

जिले में 40 मिमी औसत वर्षा दर्ज
जिले में आज 40।9 मिमी। औसत वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक पाटन विकासखंड में 55।3 मिमी। बारिश हुई। वहीं दुर्ग में 48।1 तथा धमधा विकासखंड में 19।1 मिमी वर्षा दर्ज की गई।


अन्य पोस्ट