दुर्ग
दसवीं में पढ़ती थी किशोरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जुलाई। बहला-फुसलाकर व शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ रेप करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी श्रीमती संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी को धारा 366 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, 100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास तथा 10000 रुपए अर्थदंड एवं अर्थदंड न दे पाने पर 1 वर्ष के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। दोनों ही सजाएं साथ-साथ चलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी कक्षा दसवीं की छात्रा है, जो घर में काफी दिन से गुमसुम रहने लगी थी। जब घर वालों ने उससे इसका कारण पूछा, तब छात्रा ने अपने माता-पिता को बताया कि ग्राम जोरातराई निवासी आरोपी लक्ष्मी तांडी (28 वर्ष) ने उसके साथ पहले दोस्ती किया। इसके बाद बहला-फुसलाकर एवं शादी का प्रलोभन देकर एक परिचित के घर में ले जाकर उसके साथ रेप किया।
आरोपी उसके साथ जनवरी 2017 से मार्च 2017 तक लगातार शारीरिक संबंध बनाते रहा और इसकी जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पीडि़ता से इस घटना की जानकारी मिलने पर पीडि़ता के पिता ने 19 मार्च 2017 को थाना भिलाई भट्टी में शिकायत दर्ज कराई थी।