दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 जुलाई। बेटी को मैसेज व फोन न करने की समझाईश देने गए पिता पर हंसिया से हमला और मारपीट करने वाले आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ नंदिनी पुलिस ने धारा 294, 323, 506 व 34 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ने बताया कि ग्राम गोढ़ी निवासी अमित टंडन (21 वर्ष) उनकी लडक़ी को जबरन फोन और मैसेज करता है जिससे लडक़ी और दामाद में अनावश्यक विवाद होता था। कल वह, उसका भाई , साला तथा भतीजा आरोपी अमित को समझाने ग्राम गोढ़ी घासूराम टंडन के घर गए और उसके लडक़े अमित को कहा कि वह अनावश्यक फोन और मैसेज न करे। यह सुनते ही अमित टंडन गुस्से में गाली गलौच करते हुए नरेंद्र को जान से मारने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर उसने घर में रखी हंसिया से नरेंद्र के बाएं हाथ पर मारा। तभी घासूराम टंडन भी नरेंद्र का गला दबाने लगा। प्रार्थी के साथ गए रिश्तेदारों ने बीच बचाव कर प्रार्थी को उनसे अलग किया और थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।