दुर्ग

घर में सांप, नोवा नेचर के सदस्य ने पकड़ा
17-Jul-2022 4:34 PM
घर में सांप, नोवा नेचर के सदस्य ने पकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी,  17 जुलाई।
कुम्हारी के एक घर में फन फैलाए विषैले सांप को नोवा नेचर के सदस्य ने सुरक्षित तरीके से पकड़ा। वार्ड क्रमांक 9 शिव नगर कुम्हारी में ललित सिंह राजपूत के घर एक विषैले सांप देखा गया। सांप को देखते ही घर वालों ने तत्काल उसकी सूचना नोवा नेचर के सदस्य अवध बिहारी को फोन के मध्यम से दी। सूचना मिलते ही नोवा नेचर के सदस्य अवध बिहारी द्वारा सावधानी पूर्वक सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू किया गया।
सांप को पकडऩे के बाद सर्प रक्षक अवध बिहारी ने लोगों को बताया कि सांप स्पेक्टिकल कोबरा (भारतीय नाग प्रजाति ) का था, जो काफी विषैला होता है। जिसके काटने से हर साल कई लोगों की जान चली जाती है।

उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में अधिकतर जीव जंतुओं का प्रजनन का वक्त होता है, जिससे वह पहले की अपेक्षा और जहरीले व हिंसक हो जाते है। बरसात में ऐसे जीव-जंतुओं के रहनें की जगहों में पानी भर जाने से वह मानवीय आवासों की ओर रुख करते है।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे समय में विषैले जीवों से सावधानी बरतनी चाहिए घरों में साफ सफाई नियमित करनी चाहिए कबाड़, कीचड़ को इकठ्ठा न होने देना चाहिए, संदिग्ध बिलों को बंद कर देना चाहिए।  उन्होंने यह भी बताया कि जहरीले सांप व अन्य किसी विषैले जीव के काटने पर तुंरत हॉस्पिटल जाकर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। झाड़-फूंक, जड़ी-बूटी के चक्कर में न रहे। उन्होंने ये भी बताया कि उनकी संस्था नोवा नेचर की टीम हर परिस्थितियों में लोगों की सहायता के लिए 24 घंटे कार्य करने को तत्पर रहती है, उनकी टीम सांपों के संरक्षण व संवर्धन के लिए हमेशा कार्य करती रहती है।
 


अन्य पोस्ट