दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 जुलाई। इलेक्ट्रिक बिल जमा नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काट देने का मैसेज भेज कर मोबाइल धारक आरोपियों ने प्रार्थी के साथ 1,48, 030 रुपए कीऑनलाइन ठगी कर ली।
प्रार्थी की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अलग-अलग नंबर के मोबाइल धारक आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक सडक़ नंबर 32 दुवे डेयरी के पास कोहका सुपेला निवासी पुष्पेंद्र कुमार गजेंद्र बीएसपी में नौकरी करता है। 10 जुलाई को प्रार्थी के मोबाइल पर मैसेज आया कि तुम्हारा बिजली बिल पेंडिंग है जमा नहीं करोगे तो बिजली कनेक्शन कट जाएगा और उसमें मोबाइल नंबर भी दिया था जिस पर संपर्क करने कहा गया। जब प्रार्थी ने मोबाइल पर संपर्क किया तो उसे दूसरा नंबर देकर ऐप डाउनलोड करने कहा गया। जब पुष्पेंद्र ने बिजली बिल की बकाया राशि जमा कर दी तब उसके पास मैसेज आया कि पैसा जमा हो गया है, परंतु अपडेट करने के लिए 30 का पेमेंट करना होगा। इस पर प्रार्थी ने 30 रुपए का पेमेंट आरक्यूब प्लानेट प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर जमा कर दिया। इसके बाद दोपहर लगभग 2.30 बजे एसबीआई से प्रार्थी पुष्पेंद्र कुमार गजेंद्र के मोबाइल पर फोन आया और उससे पूछा कि आपने ऑनलाइन मनी ट्रांसफर किए हो क्या। जब प्रार्थी ने कोई ऑनलाइन पेमेंट नहीं करना बताया। तब उसे बैंक द्वारा सूचना दी गई कि उसके खाते से ऑनलाइन मनी ट्रांसफर हुआ है, और उसके साथ धोखाधड़ी की जा रही है और उसे अकाउंट को ब्लॉक करने के लिए कहा गया। प्रार्थी ने थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।