दुर्ग
महापौर कोसरे ने श्रीफल तोडक़र किया कार्य शुभारंभ
भिलाई नगर, 16 जुलाई। भिलाई - चरोदा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 10 शांति पारा भिलाई-3 में 8 लाख रुपए की लागत से आंगनबाड़ी केंद्र का नया भवन बनाया जाएगा। महापौर निर्मल कोसरे ने शुक्रवार को पूजा अर्चना के बाद श्रीफल तोडक़र इस कार्य का शुभारंभ किया।
शांति पारा भिलाई-3 के आंगनबाड़ी केंद्र काफी पुराना होने से घटना दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। यह जानकारी महापौर निर्मल कोसरे के संज्ञान में आते ही उन्होंने नए भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने अधिकारियों को निर्देशित किया। आंगनबाड़ी केंद्र के पुराने जर्जर भवन को ध्वस्त कर नया भवन निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद महापौर ने विधिवत पूजा अर्चना कर आज निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। आने वाले कुछ महीने के भीतर बच्चों को नया आंगनबाड़ी केंद्र भवन मिल जाएगा।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मोहन साहू, एम. जॉनी, मनोज डहरिया, देव कुमारी भलावी, गुरु चरण सिंह, प्रेमलता चन्द्राकर, बिटावन वर्मा, राजेश बघेल, दुलारी वर्मा, आशीष वर्मा, असफाक अहमद, बाबू जफर,उपस्थित थे।