दुर्ग
जुलाई में अब तक 684 संक्रमित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 जुलाई। प्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज दुर्ग-भिलाई से एक दिन में मिले हैं और कोरोना संक्रमण के मामले में दुर्ग जिला सबसे अधिक संक्रमण वाला जिला बन गया है। कल जिले में कोरोना संक्रमण के 88 नए केस सामने आए। यह आंकड़ा छत्तीसगढ़़ राज्य में सबसे अधिक है। गुरुवार को 81 पॉजिटिव केस मिले थे।
गौरतलब हो कि दूसरी और तीसरी लहर में भी दुर्ग जिले से ही सबसे ज्यादा मरीज मिले थे और एक बार फिर से यह क्षेत्र हॉटस्पॉट बनता जा रहा है।
कल शाम स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक जिले में कुल 940 सैंपल लिए गए, जिसमें 88 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। 24 घंटे के भीतर दुर्ग जिले ने रायपुर को भी पीछे छोड़ दिया है। राजधानी रायपुर में कल 61 और राजनांदगांव में 55 केस सामने आए हैं।
दुर्ग सीएमएचओ डॉ. जेपी मेश्राम ने बताया कि जिले में पॉजिटिविटी रेट तेजी से बढ़ रहा है। कल आए नए केस के बाद एक्टिव केस की संख्या 416 पहुंच गई है। बढ़ते केस को देखते हुए अधिक से अधिक वैक्सीनेशन और सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं। जिले में अब तक 1 लाख 17 हजार 212 कोविड पॉजिटिव केस मिल चुके हैं, जिसमें 1 लाख 14 हजार 899 केस ठीक हो गए हैं। कोरोना से अब तक 1 हजार 897 लोगों की मौत हुई है।
विदित हो कि कल मिले 88 नए संक्रमितों में सबसे अधिक 36 मरीज भिलाई से हैं। इसके अलावा दुर्ग ब्लॉक से 13, रिसाली से 10, धमधा से 10, पाटन से 8, निकुम से 9 और चरोदा से 2 केस सामने आए हैं।