दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 जुलाई। जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत आम्रपाली अपार्टमेंट के पीछे बारिश से हुए जलभराव में डूबने से 9 साल के बच्चे की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने यहां जेसीबी से 10-12 फीट गहरा गड्ढा कर दिया था और इसमें वो मछली पालन की योजना बना रहे थे। गड्ढे में बरसात का पानी भर गया था और यहां खेलने पहुंचा युवराज समझ नहीं पाया और उसमें डूब गया। परिजनों और पार्षद ने इस मौत के लिए निगम प्रशासन को जिम्मेदार ठहराना है। आज इस मामले में प्रदर्शन भी करने की योजना बनी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आम्रपाली प्रधानमंत्री आवास ब्लॉक 11/7 निवासी परशुराम दुर्गा के दो बेटे और दो बेटी हैं। युवराज उर्फ बूटी सबसे छोटा बेटा था। कल शाम को युवराज बिना किसी को कुछ बताए दोस्तों के साथ आम्रपाली अपार्टमेंट के पीछे बारिश के पानी में खेलने चला गया था। शाम करीब 6 बजे मोहल्ले का एक लडक़ा आया और परशुराम से बोला कि बूटी (युवराज) पानी में डूब गया है।
घर के सभी लोग तुरंत वहां पहुंचे और देखा कि वहां खाली मैदान में घुटनों तक जल भराव है। सभी लोग युवराज को खोजते हुए आगे बढ़े तो कुछ दूर आगे जाकर अचानक 10 फीट गहरा गड्ढा आ गया। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने उसमें डुबकी लगाकर युवराज को खोजा और बाहर निकाला। उसे तुरंत बीएम शाह हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोई मुआवजा नहीं चाहिए, मेरा बेटा लौटाओ-पिता
युवराज की मौत की खबर सुनकर उसके पिता परशुराम दुर्गा का बुरा हाल है। उसका कहना है कि उसे कोई मुआवजा नहीं चाहिए, मेरा बेटा लौटा दो या फिर उसकी मौत के लिए जिम्मेदारों को जेल भेजो।
निगम प्रशासन की लापरवाही ने ली है बच्चे की जान-पार्षद
भाजपा के वरिष्ठ पार्षद पीयूष मिश्रा ने इस मौत के लिए भिलाई निगम प्रशासन को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि आम्रपाली अपार्टमेंट की भूमि विवादित भूमि है। उच्चतम न्यायालय से रोक लगने, बिल्डर्स के फरार होने व जेल जाने के बाद निगम ने इसे अपने कब्जे में लिया है। इसके बाद भी कई भू-माफिया व आपराधिक तत्व यहां जबरदस्ती निर्माण और बेजा कब्जा करने में लगे हैं। उनके द्वारा ही यहां जेसीबी से गड्ढा किया गया है। निगम प्रशाधन सब जानते हुए इसमें रोक नहीं लगा पा रहा है। इसी लापरवाही की भेंट मासूम युवराज चढ़ गया है।
गौरतलब हो कि युवराज की मौत के बाद यहां सन्नाटा पसरा जरूर है, लेकिन लोगों में आक्रोश है। जानकारी मिली है कि रात में निगम प्रशासन के विरूद्ध जोरदार आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार हुई है। युवराज का शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।