दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 जुलाई। टाउनशिप के सेक्टर-5 स्थित गणेश मंदिर से अज्ञात चोरों ने देवी के गहने और श्रृंगार का सामान चोरी किया और गणेश की प्रतिमा और दीपक स्टैंड भी तोड़ दिया है। सुबह श्रद्धालु पूजा करने पहुँचे तो चोरी का पता लगा, जिससे लोगों में रोष है। पुलिस जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-5 जेपी चौक के समीप स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रहने वाली अमुदा पति वेंकट ने सुबह साढ़े 5 बजे सचिव को चोरी की सूचना दी। मैत्री कुंज निवासी जी. रवि राजा मंदिर पहुंचे और देखा कि दरवाजा का ताला टूटा है।
उन्होंने डायल 112 को बुलाकर मंदिर में प्रवेश किया। मंदिर के पंडित सांई कृष्णा ने बताया कि मंदिर अंदर रात्रि में प्रवेश कर चोर माताजी के मंदिर से दो ग्राम सोने का लॉकेट, बेंटेक्स की चैन, मंगलसूत्र, काली माता की मूर्ति से बेंटेक्स की चैन व मंगलसूत्र, शीतला माता, चंडी मंदिर की मूर्ति से सोने का लॉकेट एक ग्राम व चांदी की चैन करीबन एक तोला चोरी कर ले गया है।
सचिव ने जानकारी दी कि मंदिर में स्थापित गणेश की मूर्ति भी खंडित कर दी गई है। मंदिर का बड़ा दीपक स्टेंड भी तोड़ दिया गया है। दुर्गा माता आराधना ट्रस्ट के सचिव जी. रवि राजा की सूचना पर भिलाई नगर पुलिस ने धारा 380 और 457 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


