दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जुलाई। बीएसएनएल एम्प्लाइज यूनियन छग सर्किल का अधिवेशन 10 जुलाई को दूरसंचार भवन के सभागार दुर्ग में संपन्न हुआ है। पी अभिमन्यू महासचिव नई की उपस्थिति में अधिवेशन संपन्न हुआ है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, राजनांदगांव एवं जगदलपुर के काफी संख्या में यूनियन सदस्यों ने भाग लिया है।
आर एस भट्ट ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बीएसएनएल को 4 जी सेवा शुरू करने से रोकने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रही है। कभी देश की सुरक्षा को खतरा के बताकर तो कभी देश मे निर्मित 4 जी उपकरणों की शर्त लगा कर सेवा शुरू करने से रोक रही है। सरकार निजी दूरसंचार प्रदाता को बिना किसी शर्त के देश की जनता को लूटने का लाइसेंस दे रही है। वर्तमान में देश के 80 करोड़ मोबाइल धारकों को विदेशी उपकरणों के माध्यम 4जी सेवा निजी आपरेट दे रहे हैं, तब कोई खतरा नहीं है। केवल बीएसएनएल के उपयोग से देश की सुरक्षा को खतरा हो जायेगा। देश के सबसे अमीर उद्योगपति अंबानी को देश मे 4जी उपकरण बनाने के लिए कहा जाना देश हित में होगा। स्वदेशी उपकरणों से 4जी सेवा का प्रयोग बीएसएनएल को गंभीर आर्थिक संकट में धकेलने वाला हो सकता है। बीएसएनएल की आर्थिक दशा को मजबूत करने के लिए शीघ्र 4जी अत्यंत आवश्यक है।
भट्ट ने कहा कि छ ग सर्किल में दुर्ग एसएसए को रायपुर के साथ मर्ज कर दिया गया है। कार्पोरेट ऑफिस ने राजस्व और कनेक्शन के आधार पर एसएसए मर्जर का नियम बनाया है। मुख्य महाप्रबंधक रायपुर की गलती के कारण नियम विरुद्ध मर्ज हुआ है। दुर्ग का राजस्व और कनेक्शन दोनों रायपुर से अधिक है। मर्ज के बाद से दुर्ग का आय और सेवा दोनों में भारी गिरावट आयी है। महासचिव से दुर्ग को अलग बिजनेस बनाने की मांग की गयी है। जिसे पूरा करने का भरोसा दिया गया है।
अधिवेशन में आगामी 3 वर्षों के लिए परिमण्डल कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ है। एस एच दानी को अध्यक्ष एवं आर एस भट्ट को सर्किल सेक्रेटरी चुना गया है। डी के सिंह जिला सचिव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ अधिवेशन का समापन हुआ है।


