दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जुलाई। नगर पालिक निगम भिलाई, क्षेत्र अंतर्गत सडक़ों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को पकडऩे का अभियान निरंतर जारी है, इसी तारतम्य में विगत 1 सप्ताह से मवेशियों को पकडक़र गौठान में रखा जा रहा है। आज भी प्रमुख सडक़ों से आवारा पशुओं की धरपकड़ की गई, साथ ही निगम का अमला पशुपालकों से रोका-छेका संकल्प अभियान के तहत पशु मालिकों समझाईश दे रहे हैं कि वे अपने मवेशी के चारा, पानी सहित समुचित व्यवस्था स्वयं करें।
निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने गोधन को संरक्षित करने रोका-छेका संकल्प अभियान के तहत पशु मालिकों को अपने मवेशी की सुरक्षा स्वयं करने, चारा, पानी की समुचित व्यवस्था करने कहा है, जिससे अनावश्यक घूमने वाले मवेशियों के चलते परेशानी न हो।
भिलाई निगम के अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी ने बताया कि सडक़ों पर आवारा पशुओं के घूमते हुए पाए जाने पर उन्हें पकडऩे की कार्यवाही की जा रही है। पकड़े हुए मवेशियों को शहरी गोठान में रखा जा रहा है और पशुमालिकों से अर्थदण्ड लेकर लौटाया जा रहा है, इसके बाद भी दोबारा पशुपालक के पशु आवारा की तरह सडक़ों पर घूमते हुए पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा गोधन को सुरक्षित एवं संरक्षित करने के लिए भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। सडक़ों पर आवारा घूमने वाले पशु यातायात में बाधक बनकर दुर्घटना का कारण बनते हैं, जिससे होने वाली दुर्घटना में पशुधन एवं जनधन दोनों की हानि होती है। निगम की अपील है कि इससे बचने के लिए पशुपालक अपने पालतू मवेशियों को सडक़ों पर आवारा घूमने न दें।
आवारा पशुओं को पकडऩे के लिए बालकृष्ण नायडू ने बताया कि दल ने मुख्य रूप से नेशनल हाईवे एवं प्रमुख सडक़ों के किनारे, नेहरू नगर चौक से डबरापारा चौक तक नेशनल हाईवे, नंदिनी रोड, छावनी चौक, कुरूद, अवंती बाई चौक, गदा चौक, सुपेला चौक का निरीक्षण कर आवारा पशुओं को पकडऩे की कार्रवाई की। सडक़ किनारे घूम रहे कई आवारा पशुओं की धरपकड़ अब तक की जा चुकी है, आज कई आवारा पशुओं को पकड़ा गया। पकड़े गए गाय, बैल, भैंस, बछिया व अन्य पशुओं को निगम द्वारा संचालित शहरी गौठान में रखा गया है, वहीं मवेशियों को छुड़ाने आने वाले पशु पालकों से जुर्माना लिया जाएगा।