दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जुलाई। निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर के निर्देश पर जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर पालिक निगम भिलाई एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम वार्ड 19 राजीव नगर मंत्री बाड़ी पहुंची।
उल्टी, दस्त से प्रभावित क्षेत्र का सघन निरीक्षण करते हुए यहां के लोगों को जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूक किया गया तथा इससे संबंधित पंपलेट का वितरण किया गया।
लोगों को पानी उबालकर, छानकर पीने की अपील की गई। वहीं कई क्षेत्रों से पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। निगम की टीम ने शिव मंदिर लाइन, जंघेल भवन, कॉपरेटिव लाइन, ग्राहक सेवा केंद्र के आसपास के सभी घरों में गृहभेंट एवं छिडक़ाव का कार्य किया।
स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि सोडियम हाइपोक्लोराइट के घोल से पानी का उपचार किया जा रहा है। निगम के द्वारा घर-घर क्लोरीन टेबलेट का वितरण किया जा रहा है और 20 लीटर पानी में 1 टेबलेट के अनुपात में संग्रहित किए गए जल पात्र में डाल कर 1 घंटे के बाद सेवन करने की सलाह दी जा रही है। बरसात के मौसम में गर्म एवं ताजा भोजन करने एवं सड़े-गले फल, सब्जी भोज्य पदार्थ का सेवन नहीं करने की सलाह भी दी गई।
आगे बताया कि राष्ट्रीय वेक्टर जनित डेंगू, मलेरिया, मच्छर जनित रोगों से बचाव हेतु अपने घरों एवं बाग, बगीचों में बरसाती पानी जमा नहीं होने देने तथा खिड़कियों में लगे कूलर जो उपयोग नहीं किए जा रहे हैं, उन्हें उतारकर रखने, घर के सभी टंकी, पात्र जिसमें उपयोग किए जाने हेतु पानी संग्रहित कर रखा जाता है, इसे समय-समय पर सफाई करने की सलाह भी दी गई, टेमीफास का वितरण भी घर-घर किया जा रहा है और इसके उपयोग के तरीके बताए जा रहे है। ब्लीचिंग पाउडर का भी छिडक़ाव प्रभावित क्षेत्र में किया गया।
प्रभावित क्षेत्र में जोन आयुक्त पूजा पिल्ले, प्रभारी कार्यपालन अभियंता कुलदीप गुप्ता, प्रभारी सहायक अभियंता अरविंद शर्मा, उप अभियंता निर्मलकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा ने मोहल्ले का भ्रमण कर लोगो को जलजनित बीमारियों के प्रति जागरूक किया।